#अपराध
February 27, 2025
हिमाचल: चिट्टे के एडिक्ट युवकों ने रात 3 बजे लूटा पेट्रोल पंप, पुलिस ने 2 को धरा
नशेड़ियों के कारण बढ़ रहे लूटपाट के मामले
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के टाहलीवाल स्थित जियो पेट्रोल पंप पर हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के गढ़शंकर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत निवासी गढ़शंकर (पंजाब) और दलविंदर सिंह निवासी नवांशहर (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं और उन्होंने नशे की लत को पूरा करने के लिए ही इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रह चुके हैं और पंजाब पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात से एक दिन पहले एक संदिग्ध कार तीन घंटे तक पेट्रोल पंप के आसपास खड़ी रही थी। इसके कुछ घंटे बाद ही लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में हैवी स्नोफॉल- सैंकड़ों स्कूल बंद, कई क्षेत्रों में ब्लैक आउट- सड़कें ठप
पुलिस को शक हुआ कि यह कार किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ी हो सकती है। जब पुलिस ने इस सुराग पर काम किया और कार से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा, तो आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
एसपी राकेश सिंह ने झलेड़ा पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि टाहलीवाल थाना प्रभारी और उनकी टीम ने इस मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने पंजाब के कई इलाकों में दबिश दी और पंजाब पुलिस के सहयोग से मंगलवार रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ऊना लाया गया। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इनके साथ और कौन-कौन शामिल था।
इस वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों लुटेरे शनिवार सुबह बाइक पर टाहलीवाल स्थित जियो पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने पंप कर्मियों से पेट्रोल डालने के लिए कहा। जैसे ही कर्मचारी पेट्रोल भरने में व्यस्त हुआ, एक आरोपी तेजधार हथियार लेकर अंदर घुस गया और कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी कर्मचारी होंगे डिमोट, रिकवरी भी होगी- फरमान जारी
दूसरा लुटेरा दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और कर्मचारियों को बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर 60 हजार रुपये कैश लूटा और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
इस घटना के बाद पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ा रही है। इन इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और रात के समय नाकाबंदी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP प्रदेश अध्यक्ष को लेकर खींचतान- 3 गुटों में फंसा पेंच, इन नामों पर सहमति नहीं
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूटकांड में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही रैकी करने वाली कार में कौन लोग मौजूद थे, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे कर सकती है।