#अपराध
June 9, 2026
हिमाचल : बाजार जा रही लड़की को घसीटते हुए जंगल में ले गया युवक, किया मुंह काला; घर में मिली बंदूक
पुलिस को चकमा दे हुआ फरार
शेयर करें:

चंबा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ होने वाले आपराधिक मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के जिला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ अपहरण और कथित दुष्कर्म की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला चंबा के उपमंडल चुराह में एक लड़की अपनी सहेली के साथ बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे जबरन रोक लिया और जंगल की ओर ले गया। सहेली द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी।
घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके घर से एक बिना लाइसेंस की बंदूक बरामद की गई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद हथियार की वैधता और उससे जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और गहन तरीके से की जा रही है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
चंबा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।