#हादसा

June 9, 2026

हिमाचल : सड़क से मलबा हटा रहा था JCB ऑपरेटर, मशीन समेत खाई में गिरा- मौके पर तोड़ा दम

मशीन सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी

शेयर करें:

JCB operator

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों सड़क हादसों के कारण मरने वालों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। ताजा मामला प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहाँ सड़क बहाली कार्य के दौरान मलबा हटाने में लगी एक जेसीबी मशीन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में मशीन चला रहे चालक की जान चली गई।

अस्पताल में जाकर तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते कल सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे कुमारसैन उपमंडल के चामगना क्षेत्र में सोडलू नाला के समीप हुआ। क्षेत्र में सड़क पर जमा मलबे को हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य चल रहा था।

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का बड़ा बयान : बोले- नशे की चपेट में आए युवा अपराधी नहीं, उन्हें उपचार की जरूरत

इसी दौरान जेसीबी का संतुलन बिगड़ गया और मशीन सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। काफी प्रयासों के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह माना जा रहा है दुर्घटना का कारण

हादसे में जेसीबी चालक विजय कुमार उम्र 34 साल गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक मंडी जिले के बलद्वाड़ा क्षेत्र के बियूह मनोटला गांव का निवासी था। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 5 लाख का ऑफर देकर धर्म परिवर्तन : हर महीने 5 हजार और फ्री इलाज देने का भी वादा

पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हो रहे सवाल 

इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण और बहाली कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे कार्यों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख