#अपराध
June 29, 2026
हिमाचल : पत्नी को दे दिया तीन तलाक, घर से निकाला; सास-पति पर प्रताड़ना के आरोप
तीन तलाक देकर वैवाहिक संबंध समाप्त
शेयर करें:

चंबा। पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे और सम्मान पर टिका होता है, लेकिन जब इसी रिश्ते में प्रताड़ना, मारपीट और तीन तलाक जैसे गंभीर आरोप जुड़ जाएं तो मामला कानून के दायरे में पहुंच जाता है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक महिला ने अपने पति और सास पर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, चंबा जिले में तीन तलाक से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद महिला पुलिस थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और उसकी मां के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा बाद में तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शॉर्ट सर्किट के बाद फटे गैस सिलेंडर, कुछ ही पल में राख हुआ सरकारी स्कूल
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति और सास उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे। महिला का आरोप है कि उसे लगातार मानसिक तनाव दिया गया और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
महिला का कहना है कि प्रताड़ना का सिलसिला बढ़ने के बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक देकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही और घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए महिला पुलिस थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में जल्द दस्तक देगा मानसून- भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
शिकायत मिलने के बाद महिला पुलिस थाना ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा-4 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत भी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं महिला की सास के खिलाफ भी प्रताड़ना से जुड़े आरोपों में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ITI के पास नशा सप्लाई करते थे तीन युवक, पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग किए गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि महिला से जुड़े सभी आरोपों की गहन पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कानूनों के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हुई है।