#अपराध
May 15, 2026
हिमाचल : शराब पीकर स्कूल आते थे 'मास्टर जी', अभिभावकों ने विभाग से की शिकायत- हुए सस्पेंड
दोनों शिक्षकों को पहले भी दी थी चेतावनी
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के दो सरकारी शिक्षकों की कथित लापरवाही और शराब के नशे में स्कूल आने की शिकायतें आखिरकार उन पर भारी पड़ गईं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक पीईटी और जेबीटी शिक्षक को निलंबित कर दिया। आरोप है कि दोनों शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते थे और उनके व्यवहार से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रदेश के जिला चंबा से सामने आया है। यहां भरमौर और बनीखेत शिक्षा खंड में तैनात एक पीईटी और एक जेबीटी शिक्षक पर आरोप है कि वे शराब के नशे में स्कूल पहुंच रहे थे और समय पर ड्यूटी भी नहीं कर रहे थे।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने जांच की और कार्रवाई अमल में लाई। निलंबित जेबीटी शिक्षक बनीखेत शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्वागलू में तैनात था, जबकि पीईटी शिक्षक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौबिया में कार्यरत था।
विभाग का कहना है कि दोनों शिक्षकों को पहले भी व्यवहार सुधारने और समयपालन को लेकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। स्कूलों में शिक्षकों के इस रवैये से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा था और विद्यार्थियों पर भी इसका गलत असर पड़ रहा था।
शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निलंबन के बाद जेबीटी शिक्षक का मुख्यालय कल्हेल और पीईटी का मुख्यालय उदयपुर तय किया गया है।
कार्यकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग स्कूलों में अनुशासनहीनता और लापरवाही को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी बच्चों को बेहतर माहौल देना है और नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।