#अपराध
February 18, 2026
हिमाचल में रिश्ते का खौफनाक अंत: पति ने किया पत्नी का म.र्डर- फिर खुद भी तोड़ा दम
सुबह हुआ घटना का खुलासा- मौके पर पहुंची पुलिस
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। मैहला विकास खंड की ग्राम पंचायत लोथल के लोथल गांव में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की निर्मम हत्या की और फिर खुद भी जीवन समाप्त कर लिया। सुबह जब इस घटना का खुलासा हुआ तो गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया।
पत्नी की हत्याकर खुद लगाया फंदा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लोथल गांव निवासी सरवन कुमार पुत्र तनी राम ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी अंजू देवी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अंजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सरवन कुमार ने घर के आंगन में लगे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त घर में पति-पत्नी के अलावा कोई अन्य मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम ने बदला मिजाज, आज बारिश-बर्फबारी की उम्मीद; कई जिलों में अलर्ट जारी
सुबह हुआ घटना का खुलासा
यह सनसनीखेज मामला बुधवार सुबह तब सामने आया, जब सरवन कुमार के भाई का बेटा खच्चरों को घास डालने के लिए गोशाला गया। वहां उसकी नजर आंगन में पेड़ से लटके शव पर पड़ी। घबराए युवक ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें : बजट सत्र में बहस के बीच CM सुक्खू का बड़ा ऐलान: MLA सुंदर सिंह ठाकुर को जल्द मिलेगा मंत्री पद
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
सूचना मिलते ही गेहरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल को सील किया और प्रारंभिक जांच शुरू की। बाद में फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
परिवार और बच्चों की स्थिति
बताया जा रहा है कि सरवन कुमार के तीन बच्चे हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि करीब 16 वर्षीय बेटा घटना के समय अपने किसी रिश्तेदार के घर गया हुआ था। इस वजह से वह इस खौफनाक वारदात का प्रत्यक्ष गवाह बनने से बच गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: फॉरेस्ट गार्ड ने पांच हजार में बेच दिया इमान, विजिलेंस ने रिश्वत लेते धरा
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार हत्या और आत्महत्या के पीछे के कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू कारण सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।