#अपराध
December 7, 2025
हिमाचल: कार चालक की जल्दबाजी ने छीन ली बाइक सवार की सांसें, टक्कर मार हुआ फरार
बाइक सवार को टक्कर मार वाहन चालक फरार
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में ड्राइवरों की लापरवाही से होने वाले सड़क हादसे अकसर सामने आते रहते हैं। वाहन चालकों की जल्दबाजी, तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते होने वाले इन सड़क हादसों में कई बार बेकसूर लोगों की जान तक चली जाती है। ऐसा ही एक ताजा मामला प्रदेश के ऊना जिला से पेश आया है। यहां एक हिट एंड रन मामले में बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला ऊना में अम्ब-ऊना हाईवे पर नंदपुर के समीप एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना को हिट एंड रन का मामला बताया जा रहा है।
यह हादसा रविवार सुबह लगभग 6 बजे का है। जब मदन शर्मा अपनी बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे नंदपुर पुल के समीप पहुंचे, तभी ऊना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि व्यक्ति सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, मगर उचार के चलते उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान मदन शर्मा उम्र 46 वर्ष पुत्र अमीं चंद निवासी अप्पर अन्दौरा जिला ऊना के रूप में हुई है।
SHO अम्ब रूप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत एकत्र किए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।