#अपराध
April 28, 2026
हिमाचल पुलिस को देख घबराए तस्कर, भारी मात्रा में पकड़ी गई चरस व अफीम डोडा- धरे गए 3 आरोपी
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। स्थानीय तस्करों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आकर नशा सप्लाई करने वालों पर भी सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अब जिला बिलासपुर से एक ताजा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन नशा तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर केबरमाणा क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम रोजाना की तरह गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। जब टीम अलसु पुल के पास पहुंची, तो उनकी नजर शेड के नीचे बैठे दो युवकों पर पड़ी।
पुलिस को देखते ही दोनों युवक अचानक घबरा गए और उनकी हरकतें संदिग्ध लगने लगीं। पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने दोनों को रोका और पूछताछ शुरू की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 611 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान संजू उम्र 38 साल, निवासी रायपुर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) और अजय कुमार उम्र 41 साल, निवासी रोखड़ी, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
वहीं दूसरा मामला थाना कोट कहलूर क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम मजार-दबट सड़क पर गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम मजारी पुल के पास पहुंची, तो एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में इधर-उधर घूमता नजर आया। पुलिस को देखते ही वह घबराने लगा, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस ने उसे तुरंत रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 176 ग्राम अफीम डोडा बरामद हुआ।
इस आरोपी की पहचान नंद लाल उम्र 39 साल, निवासी काहीवाल, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भी मौके पर हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाया और इसे कहां सप्लाई करने वाला था।
DSP बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती पूछताछ में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है और इसी के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चरस और अन्य नशीले पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।