#अपराध
February 10, 2026
हिमाचल: सीरियल कि*लर है पति... पहली पत्नी को उतारा था मौ*त के घाट, अब दूसरी सेप्टिक टैंक में मिली
बिलासपुर जिला में सेप्टिक टैंक में मिली थी महिला की देह
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से सामने आया यह सनसनीखेज मामला अब एक खौफनाक सिलसिले की तस्वीर पेश कर रहा है। अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को सेप्टिक टैंक में दफनाने के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि मृतक महिला आरोपी पति की दूसरी पत्नी थी। खास बात यह है कि उसने अपनी पहली पत्नी की भी बेरहमी से हत्या की थी और अब दूसरी पत्नी को भी मौत के घाट उतार दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झारखंड निवासी गोविंद राम ने अपने दो भाइयों बंसी चौहान और गुड्डू के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मृतका गुड़िया देवी जो गोविंद की दूसरी पत्नी थी, को लोहे की रॉड से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। गुड़िया की पिटाई इस तरीके से की गई थी, जिसके निशान कमरे में चारों ओर पाए गए हैं। पुलिस को मिले सबूत इस बात की गवाही दे रहे हैं कि हत्या से पहले तीनों भाइयों ने जमकर शराब पी थी और नशे की हालत में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये क्या हो रहा? घर के टैंक में मिली महिला की देह, पति और दोनों देवर फरार
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। गुड़िया देवी की लाश को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, बदबू और शक से बचने के लिए टैंक के ढक्कन को सीमेंट से पूरी तरह सील कर दिया गया और ऊपर से बोरियां डाल दी गईं। आरोपियों को भरोसा था कि इस तरह यह राज लंबे समय तक दफन रहेगा।
यह मामला तब सामने आया जब कई दिनों तक महिला से संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच घर से अजीब दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान सेप्टिक टैंक खोला, जहां से 36 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। घटना के वक्त गोविंद राम और उसके दोनों भाई मौके से फरार पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।
मृतका के भाई सुखवीर चौहान ने बताया कि बहन से लंबे समय से संपर्क नहीं हो पा रहा था। फोन बंद आने पर अनहोनी की आशंका बढ़ी और वह बिलासपुर पहुंचा। यहां कमरे पर ताला लगा मिला और बाद में सेप्टिक टैंक से शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। भाई ने इस पूरे मामले को सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच में सामने आया है कि गोविंद राम झारखंड में अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है। अब पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर इतना गंभीर आरोपी जेल से बाहर कैसे आया और क्या कानूनी ढील का फायदा उठाकर उसने दूसरी हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारण और समय का पता चल सके। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के पीछे के कारण घरेलू विवाद, आपसी तनाव या कोई अन्य वजह एंगल से जांच की जा रही है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम झारखंड भेजी गई है। तीनों फरार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।