#अपराध

August 13, 2026

हिमाचल पुलिस ने बैकवर्ड लिंक खंगाल किया नशे के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, पंजाब से दबोचे 2 मुख्य सप्लायर

पंकज ठाकुर के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं चार मामले

शेयर करें:

Himachal Pradesh Police

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। महज 7 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई जांच पुलिस को पंजाब तक ले गई, जहां से अंतर्राज्यीय नशा सप्लाई नेटवर्क के दो अहम सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मोबाइल डाटा, बैंक लेन-देन और पूछताछ के जरिए नशे की सप्लाई की कड़ियों को जोड़ा और पंजाब में दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

11 अगस्त को 7.89 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था पहला आरोपी

इस पूरे मामले की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नाकाबंदी के दौरान नालग-बरमाणा निवासी पंकज ठाकुर को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.89 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।

 

यह भी पढ़ें : अटैची लेकर बिकने वालों....अब आएगा तुम्हारा नंबर, CM सुक्खू की हुंकार से गरमाई सियासत

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्वारघाट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने सिर्फ चिट्टा बरामद करने तक जांच को सीमित नहीं रखा, बल्कि यह पता लगाने में जुट गई कि आरोपी को नशा कहां से मिल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग काम कर रहे हैं।

मोबाइल और बैंक लेन-देन से खुलने लगी पूरी कहानी

पंकज ठाकुर से पूछताछ के साथ पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और नंबरों की भी जांच की। पुलिस ने कॉल डिटेल, डिजिटल सबूत और बैंक खातों में हुए लेन-देन को खंगाला। इसी जांच के दौरान पुलिस को चिट्टे की सप्लाई से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले।

 

यह भी पढ़ें : 5 लाख जमा करो, तभी होगा 15 अगस्त का राज्यस्तरीय समारोह! हाईकोर्ट की सुक्खू सरकार को दो टूक

 

जांच में सामने आया कि पंकज ठाकुर बिलासपुर में चिट्टा सप्लाई करने के लिए पंजाब के जलालाबाद निवासी आकाशदीप से नशा खरीदता था। इसके अलावा रोपड़ के रहने वाले जगबीर सिंह का नाम भी इस सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ सामने आया।

पंजाब पहुंची पुलिस की टीम, दो सप्लायर गिरफ्तार

सुराग मिलने के बाद स्वारघाट पुलिस की एक विशेष टीम पंजाब पहुंची। पुलिस ने वहां अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जगबीर सिंह आसमानपुर, जिला रूपनगर का रहने वाला है, जबकि आकाशदीप बलुवाणा-जलालाबाद, जिला फाजिल्का का निवासी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह घर से निकली थी महिला, अगले दिन खड्ड के पास मिली देह- सदमे में परिवार

 

पुलिस ने आकाशदीप के कब्जे से 4.13 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया। इसके साथ ही उसके पास से 37 हजार रुपये भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार यह पैसा कथित तौर पर नशे की बिक्री से जुड़ा हुआ है।

अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। पहले बिलासपुर के पंकज ठाकुर को 7.89 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान पंजाब से आकाशदीप और जगबीर सिंह को गिरफ्तार किया।

 

यह भी पढ़े : दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर

 

पुलिस अब इन तीनों आरोपियों के बीच आपसी संबंधों और नशे की सप्लाई से जुड़ी बाकी कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।

पंकज ठाकुर के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं चार मामले

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पंकज ठाकुर के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कुल चार मामले पहले दर्ज हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर फूटा सांसद अनुराग का गुस्सा, बोले- ‘खटाखट मॉडल अब खटारा हो गया’

रिकॉर्ड के मुताबिक 15 दिसंबर 2017 को स्वारघाट थाने में उसके खिलाफ धारा 304ए और 337 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद 16 अप्रैल 2021 को झंडूता थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। 3 नवंबर 2021 को बरमाणा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत और 21 सितंबर 2022 को भी बरमाणा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में

दोनों सप्लायरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पंजाब से हिमाचल तक चिट्टे की सप्लाई कैसे पहुंचाई जाती थी। इसके अलावा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

क्या बोले SP बिलासपुर

बिलासपुर के SP अभिषेक धीमान ने मामले में हुई कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंजाब से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस सप्लाई नेटवर्क में हिमाचल के और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और चिट्टे की सप्लाई का मुख्य स्रोत कहां है।

यह भी पढ़ें : BJP MLA सुधीर शर्मा की बढ़ी टेंशन : 70 लाख के शेयर, लाखों की जमीन का विजिलेंस ने मांगा हिसाब

SP ने कहा कि बिलासपुर पुलिस नशे की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस आगे भी ऐसे मामलों में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच करते हुए नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख