#राजनीति

August 13, 2026

अटैची लेकर बिकने वालों....अब आएगा तुम्हारा नंबर, CM सुक्खू की हुंकार से गरमाई सियासत

कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए छह नेताओ को सीएम सुक्खू ने दे दी खुली चुनौती

शेयर करें:

अटैची लेकर बिकने वालों... अब तुम्हारी बारी है

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को अभी करीब एक साल का समय बाकी है, लेकिन सियासी पारा अभी से चढ़ता दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर ऐसा तीखा बयान दिया है, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। मुख्यमंत्री ने मंच से दलबदल करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अटैची लेकर बिके हैं, अब उनका भी नंबर आने वाला है।

सीएम सुक्खू की दलबदल नेताओं को चेतावनी

मुख्यमंत्री के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सुक्खू ने जिस अंदाज में दलबदल करने वाले नेताओं को चेतावनी दी, उससे साफ संकेत मिल रहा है कि आने वाले चुनाव में दल-बदल, राजनीतिक खरीद-फरोख्त के आरोप और भ्रष्टाचार कांग्रेस के प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल हो सकते हैं।

अटैची लेकर बिके, अब तुम्हारा नंबर आएगा’

बिलासपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उन्हें उन लोगों के बारे में जानकारी है, जो अटैची लेकर बिके। उन्होंने कहा कि अब उनका भी नंबर आने वाला है और वह किसी तरह की राजनीतिक लड़ाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि वह गांव की मिट्टी में पले-बढ़े हैं और विश्वविद्यालय तक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने कहा कि वह भ्रष्टाचार के ‘चोर दरवाजे’ से प्रदेश को लूटने वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और राजनीतिक लड़ाई भी पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे।

 

यह भी पढ़ें : 5 लाख जमा करो, तभी होगा 15 अगस्त का राज्यस्तरीय समारोह! हाईकोर्ट की सुक्खू सरकार को दो टूक

 

मुख्यमंत्री का यह बयान सीधे तौर पर उन छह नेताओं की ओर इशारा माना जा रहा है, जिन्होंने 2024 में  कांग्रेस से दूरी बनाकर भाजपा का दामन थामा था। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सभी नेताओं के नाम नहीं लिए। लेकिन उनकी खुली चेतावनी उन्हीं छह नेताओं को लेकर मानी जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह घर से निकली थी महिला, अगले दिन खड्ड के पास मिली देह- सदमे में परिवार

2027 से पहले कांग्रेस ने खोल दिया मोर्चा

हिमाचल की राजनीति में दलबदल का मुद्दा पहले ही बेहद संवेदनशील बन चुका है। ऐसे में मुख्यमंत्री का सार्वजनिक मंच से दलबदल करने वाले नेताओं को लेकर आक्रामक तेवर अपनाना आने वाले विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा का संकेत माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से यदि इस मुद्दे को चुनावी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया जाता है तो मुकाबला केवल सरकार के कामकाज तक सीमित नहीं रहेगा। कौन सत्ता के साथ खड़ा रहा और कौन सत्ता बदलते ही पाला बदल गया—यह सवाल भी चुनावी मंचों पर जोर-शोर से उठ सकता है।

सुक्खू के निशाने पर भाजपा

मुख्यमंत्री के बयान में केवल दलबदल करने वाले नेता ही निशाने पर नहीं रहे। उन्होंने भाजपा की सोशल मीडिया रणनीति पर भी हमला बोला। सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाने के लिए करीब 50 लोगों की टीम लगा रखी है। इससे साफ है कि हिमाचल की राजनीति में अब सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक मुकाबला तेज होने वाला है। 

 

यह भी पढ़े : दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर

रील बनाम रियल की राजनीति 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया पर बनने वाली रील्स और राजनीतिक प्रचार का भी जिक्र किया। उन्होंने ‘जंगली मुर्गे’ से जुड़े पुराने विवाद का हवाला देते हुए भाजपा पर निशाना साधा। यह मुद्दा दिसंबर 2024 में हिमाचल की राजनीति में काफी चर्चा में रहा था और सोशल मीडिया से लेकर विधानसभा तक इसकी गूंज सुनाई दी थी। अब मुख्यमंत्री के दोबारा इस मुद्दे को उठाने से यह संकेत मिल रहा है कि कांग्रेस और भाजपा के बीच ‘रील बनाम रियल’ की राजनीतिक बहस आने वाले समय में और तेज हो सकती है।

यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर फूटा सांसद अनुराग का गुस्सा, बोले- ‘खटाखट मॉडल अब खटारा हो गया’

सुक्खू बोले- 2027 में आत्मनिर्भर हिमाचल

मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने भाषण में सरकार के भविष्य का विजन भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की जनता कांग्रेस का साथ देती है तो 2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा और 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में बिलासपुर के मंच से मुख्यमंत्री का संदेश केवल विरोधियों को चेतावनी तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने एक तरफ दलबदल करने वालों को राजनीतिक चुनौती दी, तो दूसरी तरफ जनता से अगले विधानसभा चुनाव में समर्थन मांगते हुए सरकार के भविष्य का खाका भी पेश किया।

यह भी पढ़ें : BJP MLA सुधीर शर्मा की बढ़ी टेंशन : 70 लाख के शेयर, लाखों की जमीन का विजिलेंस ने मांगा हिसाब

‘अब आएगा नंबर’ वाली चेतावनी से बढ़ी सियासी हलचल

मुख्यमंत्री के ‘अब उनका नंबर आने वाला है’ वाले बयान ने हिमाचल की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। खासकर उन नेताओं के बीच इस बयान को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ना स्वाभाविक है, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का रुख किया था। आने वाले दिनों में भाजपा की ओर से इस बयान पर पलटवार की संभावना भी है। ऐसे   बिलासपुर का यह भाषण प्रदेश की राजनीति में आने वाले लंबे चुनावी मुकाबले की शुरुआती झलक माना जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख