#अपराध
June 20, 2025
हिमाचल: कमरे में अकेली थी लड़की- बेहोश कर के लूटी आबरू, हुई प्रेग्नेंट
नकाबपोश व्यक्ति ने किया है कांड- जांच में जुटी पुलिस
शेयर करें:

बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से दुष्कर्म की घटना हुई है, जो तीन से चार महीने तक डर के मारे खामोश रही। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की के परिजन अब पुलिस थाना पहुंचे है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता मूल रूप से बाहरी राज्य की रहने वाली है और वर्तमान में बिलासपुर जिले के एक क्षेत्र में किराए के मकान में अपने परिवार संग रह रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, एक रात जब वह अकेली थी, तब एक नकाबपोश व्यक्ति उसके कमरे में घुस आया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने रात के अंधेरे में चिट्टे संग धरा कॉलेज छात्र- मौके से फरार हुए 3 आरोपी
आरोपी ने पीड़िता के मुंह पर कपड़ा बांधकर उसे बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर वह डर के कारण किसी से कुछ नहीं कह सकी।
कुछ दिन पहले पीड़िता अपने परिवार के साथ पटियाला में अपने रिश्तेदारों के यहां गई थी। वहां उसे अचानक पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। डॉक्टरों ने जांच की तो वह गर्भवती पाई गई। तब उसने अपनी मां को सारी बात बताई। यह जानकारी मिलते ही परिजन सन्न रह गए और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने निभाया वादा, इन पेंशनरों को इसी माह मिलेगा शेष एरियर का 50 फीसदी
यह मामला सबसे पहले थाना भराड़ी में सामने आया था, जहां से इसे ई-मेल के माध्यम से महिला थाना बिलासपुर को स्थानांतरित किया गया। महिला थाना ने इस आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पीड़िता का इलाज पटियाला के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस की टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि यह बेहद गंभीर अपराध है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।