#अपराध
October 3, 2025
हिमाचल: पति से परेशान पत्नी ने गटक लिया फिनाइल, मासूम बेटा-बेटी का भी नहीं आया ख्याल
पैसे मांगने पर पति करता था झगड़ा, परेशान पत्नी ने उठा लिया गलत कदम
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पारिवारिक कलह के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इन पारिवारिक कलह के चलते ही महिला या पुरुष आत्महत्या कर रहे हैं। अब इसी तरह का एक नया मामला हिमाचल के बिलासपुर जिला से सामने आया है। यहां एक महिला ने भी अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर घर में रखा फिनाइल पी लिया। जिससे महिला की तबीयत बिगड़ गई।
यह मामला जिला बिलासपुर के झंडूता थाना क्षेत्र से सामने आया है। फिनाइल पीने से महिला की तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते पीड़िता को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि झंडूता तहसील के बैहरन गांव की रहने वाली कीर्ति देवी (29) ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2017 में हुई थी और उसके एक बेटा व एक बेटी हैं।
पीड़िता का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से उसका पति लगातार उसके साथ झगड़ा करता रहा और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। घर के खर्च के लिए जब भी वह पैसे मांगती, तो विवाद और बहस शुरू हो जाती।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक में तीन लोगों ने पी शराब, फिर एक का रस्सी से घों*ट दिया गला, झाड़ियों में फेंकी देह
कीर्ति देवी ने कहा कि 1 अक्टूबर को भी पति के साथ तीव्र झगड़े के बाद वह अत्यधिक तनाव और हताशा में आ गई। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने 2 अक्टूबर को घर में रखी फिनाइल का सेवन कर लिया। तेज़ी से बिगड़ी तबीयत के कारण परिजन और पड़ोसी तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहली बार तय होंगे फ्लड जोन, यहां निर्माण किया तो नहीं मिलेगी आपदा राहत
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर झंडूता पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई और आगे की पूछताछ नियमानुसार की जाएगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के घटनाक्रम समाज में परिवारों में बढ़ती आपसी कलह और मानसिक दबाव की ओर इशारा करते हैं। घरेलू तनाव, आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद कभी-कभी गंभीर मानसिक परेशानियों का कारण बनते हैं। समाज में जागरूकता और पारिवारिक समझौतों के महत्व को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है।