#अपराध
March 12, 2025
हिमाचल: चाची नहीं थी घर पर, जेठ के 2 बेटों ने लूट लिया सारा कीमती माल
चौकस पुलिस ने दोनों को धरा, पूछताछ जारी
शेयर करें:

शिमला। शिमला जिले के सुन्नी तहसील के गांव दयाला में दो दिन पहले हुई लाखों की चोरी का राज पुलिस ने सुलझा लिया है। आरोपी घर के ही दो सगे भाई निकले, जो पीड़ित महिला के जेठ के बेटे हैं। दोनों ने चाची के घर पर नहीं होने का फायदा उठाकर उनके गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता सुषमा देवी (50) पत्नी प्रेम सिंह निवासी गांव दयाला तहसील सुन्नी जिला शिमला ने थाना सुन्नी में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 10 मार्च 2025 को जब वह अपने घर पर नहीं थीं तो उनके जेवर चोरी हो गए। उन्होंने बताया कि जब वह घर लौटीं तो देखा कि घर में रखे पांच चांदी के कलश, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी का छोटा कंगन, एक चांदी की चेन, दो जोड़ी चांदी के कंगन, सात चांदी की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, पांच सोने के फूल, तीन पुरुषों की सोने की अंगूठियां, दो महिलाओं की सोने की अंगूठियां, एक सोने की नथ, एक सोने का चॉक, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक जोड़ी सोने की बालियां, एक नेकलेस सेट और सोने की नथनी गायब थे।
पुलिस की जांच में हुआ खुलासा
जांच में पता चला कि चोरी करने वाले कोई और नहीं बल्कि महिला के जेठ के लड़के ही थे। आरोपियों की पहचान नरेश कुमार और ललित कुमार निवासी गांव दयाला तहसील सुन्नी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों ने दिनांक 10 मार्च की सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच इस चोरी को अंजाम दिया था।
पूछताछ में पता चलेगा कहां छिपाया है चोरी का माल
शिकायत मिलने के बाद थाना सुन्नी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिनांक 11 मार्च की रात को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है और चोरी किए गए जेवरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस चोरी में कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं था।