#अपराध
July 8, 2025
हिमाचल: खड्ड में मिली 22 वर्षीय युवती की देह, बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहा था परिवार
मामले को लेकर असमंजस में पुलिस और परिजन
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में कहीं बाढ़ में बहे तो कहीं किसी और कारण से शव मिल रहे हैं। ताज़ा मामला प्रदेश के जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां धर्मशाला के तहत आने वाले इक्कू खड्ड पुल के समीप एक युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज यानी मंगलवार शाम को लगभग साढ़े तीन से चार बजे के बीच पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि, इक्कू खड्ड पुल के पास एक युवती का शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले शव की पहचान की प्रक्रिया आरंभ की और युवती के परिजनों से संपर्क साधा। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनके आधार पर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मृतका पास ही के इलाके की रहने वाली थी और उसकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच है। पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है कि मामला दुर्घटना से जुड़ा है, किसी साजिश का हिस्सा है या आत्महत्या की संभावना है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अधिक स्पष्टता आएगी।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस चौकी योल के प्रभारी ने बताया कि युवती के शव की बरामदगी के बाद पुलिस द्वारा सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच प्रक्रिया जारी है और सभी संभावित कोणों से पड़ताल की जा रही है।