#अपराध
July 23, 2026
HRTC बस में 19 साल के लड़के से मिला ढेर सारा चिट्टा, पुलिस ने डाला सलाखों के पीछे
पुलिस को देख भागने की फिराक में था युवक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ मानसून तबाही मचाई रहा है। बावजूद इसके कुछ लोग नशे का धंधा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नशा सप्लाई करने के लिए तस्कर नए-नए जुगाड़ लगा रहा है। मगर हिमाचल पुलिस भी मुस्तैदी दिखाते हुए इन तस्करों पर कड़ा एक्शन ले रही है।
ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है- जहां नूरपुर पुलिस ने एक 19 साल के लड़के को ढेर सारे चिट्टे संग गिरफ्तार किया है। आरोपी HRTC बस में सवारी बन कर बैठा था।
जानकारी के अनुसार, पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम नियमित गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और वाहनों की जांच के लिए कंडवाल पुलिस बैरियर पर तैनात थी। इसी दौरान कल दोपहर करीब 1:50 बजे पठानकोट से चंबा की ओर जा रही HRTC बस को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम बस में सवार यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

तभी एक युवक पुलिस को देखकर असहज हो गया और जल्दबाजी में बस से उतरने की कोशिश करने लगा। उसके हावभाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई तो उसकी जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक का पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें 10.16 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिली।
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान 19 वर्षीय कर्तव्य पठानिया के रूप में हुई है- जो कि ठम्बां गांव, शाहपुर, कांगड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से पठानकोट से शाहपुर तक की एचआरटीसी बस की टिकट और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इन दोनों सामानों को भी जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी, ताकि पूछताछ के दौरान और अहम जानकारियां सामने आ सकें।
पुलिस की जांच अब केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी ने हेरोइन कहां से खरीदी, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। इसके लिए पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, संपर्कों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच करेगी। साथ ही बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंजाब से हिमाचल आने वाले मार्गों पर पुलिस पहले से ही विशेष निगरानी रख रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच के कारण नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
नूरपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास नशा तस्करी या मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस और आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।