#अपराध
May 23, 2026
हिमाचल: रिज पर पर्यटकों ने शुरू कर दी हुक्का पार्टी, उड़ाने लगे धुंए के छल्ले; आ धमकी पुलिस
पुलिस ने बंद करवाई पर्यटकों की हुक्का पार्टी, हरियाणा से आए थे पर्यटक
शेयर करें:

शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर शनिवार दोपहर उस समय अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब कुछ पर्यटक खुलेआम हुक्का पीते हुए नजर आए। रिज पर सैर.सपाटा करने आए लोगों के बीच बैठे ये पर्यटक हुक्के के धुएं के छल्ले उड़ाने में मशगूल थे, लेकिन उनकी यह हुक्का पार्टी ज्यादा देर तक नहीं चल पाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पर्यटकों को सार्वजनिक स्थल पर हुक्का पीने से रोकते हुए वहां से हटाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर रिज मैदान पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद थे। इसी दौरान हरियाणा से आए कुछ पर्यटक चिनार के पेड़ के पास बैठ गए और अपने साथ लाए हुक्के का इस्तेमाल करने लगे। देखते ही देखते हुक्के का धुआं आसपास फैलने लगा और वहां मौजूद लोगों का ध्यान उनकी ओर गया। रिज जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक स्थल पर पर्यटकों की इस हरकत को देखकर कई लोगों ने नाराजगी भी जताई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाईए जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें : आचार संहिता में कैबिनेट कर फंसी सुक्खू सरकार, एक्शन में चुनाव आयोग; मांगा स्पष्टीकरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीने के नियमों के बारे में जानकारी दी और तत्काल हुक्का बंद करवाया। पुलिस की कार्रवाई के बाद पर्यटकों को वहां से हटना पड़ा और कुछ ही मिनटों में पूरा जमावड़ा समाप्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि रिज मैदान शिमला की पहचान है और यहां इस प्रकार की गतिविधियां पर्यटन स्थल की गरिमा को प्रभावित करती हैं।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ पर्यटक रिज मैदान पर बैठकर हुक्का पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं बाद में पुलिस कर्मी वहां पहुंचकर उन्हें रोकते नजर आते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 53 साल की महिला ने छीन ली खुद की सांसें, ज*हरीला पदार्थ खाने के बाद तोड़ा दम
हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और नशे से जुड़ी गतिविधियों को लेकर स्पष्ट नियम बनाए गए हैं। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर पर्यटकों से सार्वजनिक स्थानों पर कानून का पालन करने और पर्यटन स्थलों की मर्यादा बनाए रखने की अपील करते रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे शिमला सहित प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर स्थानीय नियमों का सम्मान करें और ऐसी गतिविधियों से बचें, जिनसे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: टूट गई दो फौजी भाईयों की जोड़ी, बेटे के सिर सेहरा बांधने की तैयारी में थी मां; टूटे सारे सपने
इन दिनों देश के कई मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला और अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। सप्ताहांत होने के कारण भी शिमला में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। इसी बीच रिज मैदान पर हुई इस हुक्का पार्टी और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई का वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।