#अपराध
February 25, 2025
हिमाचल: सोने की ईंट बोल थमाया पत्थर, बुजुर्ग से ऐंठे लाखों रूपए
खुदाई में मिली सोने की ईंट बोलकर लगाया चूना
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के झंडुता थाना क्षेत्र में एक शख्स को सोने की ईंट बेचने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया है। जिसके बाद व्यक्ति ने पुलिस के पास पहुंच मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में जांच कर 2 लोगों को गिरफ्तार कर दिया है।
बताते चलें कि 65 वर्षीय नंद लाल शर्मा, निवासी गांव हीरापुर, डाकघर औहर, तहसील झंडुता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने नकली सोने की ईंट देकर उनसे दो लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2023 को एक व्यक्ति राजू ने नंद लाल शर्मा से संपर्क किया और बताया कि उसने अपने मासी के लड़के के साथ मकान की खुदाई करवाई थी, जिसमें तीन सोने की ईंटें मिलीं।
राजू ने कहा कि उसे मकान के काम के लिए पैसों की जरूरत है और साथ ही नंद लाल शर्मा ने चुनाव में काफी खर्च किया होगा, इसलिए वह एक सोने की ईंट दो लाख रुपये में खरीद लें। इस झांसे में आकर नंद लाल शर्मा ने रिश्तेदारों से उधार लेकर राजस्थान के फिरोजपुर जिरका में राजू से मुलाकात की, जहां उसने उन्हें सोने की ईंट दिखाई। विश्वास में आकर नंद लाल शर्मा ने उसे दो लाख रुपये नकद दे दिए। लेकिन जब उन्होंने घर आकर ईंट की जांच करवाई, तो वह नकली निकली। इसके बाद राजू का फोन बंद हो गया और वह गायब हो गया।
कुछ दिन बाद राजू ने फिर दो और सोने की ईंटें बेचने के लिए नंद लाल शर्मा को फोन किया। इस बार नंद लाल शर्मा ने योजना बनाई और उसे झांसे में लिया। उन्होंने राजू से कहा कि पैसे का इंतजाम हो गया है, लेकिन आंखों के ऑपरेशन के कारण वह आ नहीं सकते। उन्होंने राजू को उनके घर आने के लिए बुलाया और ईंट और पैसे लेने के लिए कहा। 23 फरवरी 2025 को राजू ने फिर फोन किया और बताया कि वह राजस्थान नंबर की गाड़ी में सोने की ईंटें लेकर आ रहा है। इसके बाद नंद लाल शर्मा ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
इस मामले की जांच के बाद एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने दो व्यक्तियों को नकली सोने की तीन ईंटों के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।