#अपराध
August 5, 2025
ऊना केस मे पुलिस को मिली बड़ी लीड, जल्द सलाखों के पीछे होगा मास्टमाइंड- जानें
सैलून में बाल कटवाने आया था राकेश उर्फ गग्गी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के गग्गी हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी लीड मिली है। जिसके बाद अब हत्याकांड के इस मामले की गुत्थी सुलझने के करीब पहुंच गई है। पुलिस टीम को उम्मीद है कि अब जो सुराग पुलिस के हाथ लगा है- इससे पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
आपको बता दें कि पुलिस टीम को बढेड़ा खड्ड की झाड़ियों में गग्गी के हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक और दो हेलमेट पड़ी मिली हैं। बाइक से नंबर प्लेट हटा दी गई है। मगर पुलिस टीम बाइक के चेसी नंबर से बाइक के असली मालिक का पता लगाने में जुटी हुई है। इसके अलावा पुलिस टीम ने दोनो हेलमेट को भी फॉरेंसिंक जांच के लिए भेज दिया है।
जानकारी देते हुए ASP सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस अब तक दर्जनों संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चुकी है। उन्हें शक है कि गग्गी का मर्डर किसी संगठित गिरोह के इशारे पर किया गया है। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर इस हत्याकांड में पीछे मास्टरमाइंड कौन है।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान से यह सामान मिला है, वह काफी सुनसान और झाड़ियों से ढका हुआ इलाका है। प्राथमिक जांच से पता चला है कि हत्यारों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बाइक और हेलमेट को बड़ी चालाकी से वहां छिपा दिया था। हालांकि, पुलिस की टीम लगातार इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद इस संभावित स्थान तक पहुंच सकी।
विदित रहे कि, बीती 27 जुलाई की दोपहर को ख्वाजा सैलून में सनसनीखेज फायरिंग में एक राकेश कुमार उर्फ गग्गी नाम के युवक की मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए थे। फरार हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
गग्गी ख्वाजा सैलून में बाल कटवा रहा था, तभी दो नकाबपोश बाइक सवार अंदर घुसे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाकों में लगे CCTV की फुटेज खंगालने पर हमलावरों की गतिविधियां दर्ज हुई थीं, लेकिन उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
हत्या के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक और हेलमेट पुलिस के हाथ लगे हैं, तो मामले को एक ठोस आधार मिल गया है। फोरेंसिक जांच के जरिए पुलिस को उम्मीद है कि इन सामानों से जुड़ी तकनीकी जानकारियां हत्यारों तक पहुंचने में निर्णायक साबित होंगी।
पुलिस का दावा है कि वह हत्यारों की गिरफ्तारी के बेहद करीब है और जल्द ही इस पूरे प्रकरण का खुलासा हो सकता है। जांच को कई दिशाओं में आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही मास्टरमाइंड की पहचान व गिरफ्तारी संभव मानी जा रही है। यह हत्याकांड न सिर्फ ऊना बल्कि समूचे हिमाचल में चर्चा का विषय बना हुआ है, और अब जब जांच की दिशा स्पष्ट होती दिख रही है, तो आमजन और मृतक के परिजनों को भी न्याय की उम्मीद बंध गई है।