#अपराध
June 1, 2025
हिमाचल : चार बच्चों की मां लापता, एक हफ्ते से घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजन- थाने पहुंचा परेशान पति
आखिरी बार महिला ने बच्चों से की थी बात
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। प्रसिद्ध तीर्थन घाटी के रोपा गांव की एक विवाहित महिला लापता हो गई है। महिला के अचानक लापता होने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि महिला चार बच्चों की मां है। महिला बीती 24 मई से लापता है। महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने स्तर पर महिला को हर जगह तलाश लिया है। मगर अभी तक उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने बताया कि महिला के पति ने सभी रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों के यहां भी उसके बारे में पता किया है। मगर किसी को महिला के बारे में कुछ पता नहीं है। पत्नी के ऐसे अचानक लापता हो जाने से पति काफी परेशान है। बच्चे भी बार-बार पिता से मां के बारे में पूछ रहे हैं। अब पति ने थक हार कर बंजार पुलिस थाने में पत्नी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
लापता महिला के पति सेस राम ने बताया कि बीती 24 मई को दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी (29) घर पर बच्चों को यह कहकर निकली थी कि वो गुशैणी से बंजार की ओर जा रही है। जहां से वो शाम तक वापस घर लौट आएगी। मगर उस दिन के बाद से हफ्ते का समय हो गया है और महिला का कुछ अता-पता नहीं है। इतना ही नहीं ना उसने कोई संपर्क किया है और ना ही उससे कोई संपर्क हो पा रहा है।
पति ने बताया कि बच्चे भी मां के बिना परेशान हो गए हैं। बच्चे उससे बार-बार मां के लिए पूछ रहे हैं। आस-पड़ोस के लोग, रिश्तेदार और जान-पहचान वाले भी महिला के ऐसे लापता होने से बेहद चिंतित हैं। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि महिला खुद कहीं चली गई है या फिर उसके साथ कोई हादसा हो गया है। महिला के पति ने जल्द से जल्द उसकी पत्नी को ढूंढने की गुहार लगाई है।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा गुमशुदगी का केस दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए DSP बंजार शेर सिंह ने बताया कि हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ-साथ CCTV फुटेज आदि की भी जांच की जा रही है।