#अपराध
February 24, 2026
हिमाचल में कूरियर के जरिए नशे की सप्लाई, कार की डिग्गी से पेटियां बरामद; 2 अरेस्ट
कूरियर के जरिए मंगाई जाती थीं प्रतिबंधित दवाइयां, 5 दिन के रिमांड पर आरोपी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल में नशे का जाल अब सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रहा। कभी तस्करी के लिए ट्रकों का सहारा लिया जाता है, तो कभी निजी वाहनों और अब कूरियर कंपनियों के जरिए भी प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई की जा रही है। अलग-अलग हतकंडे अपनाकर बाहरी राज्यों से नशा प्रदेश में पहुंचाया जा रहा है। ऐसे ही एक बड़े नेटवर्क का खुलासा ऊना जिला के धुसाड़ा में हुआ है, जहां पकड़ी गई नशीली दवाइयों के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जौनपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी अश्विनी मौर्य (30) और विशाल मौर्य (20) को सुनियोजित कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों को अम्ब पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
10 फरवरी की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धुसाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से दो गत्ते की पेटियां बरामद हुईं। जांच में 31,800 ट्रामाडोल टैबलेट, 3,735 अल्प्राजोलाम टैबलेट और 8,000 प्रेगाबालिन व मिथाइलकोबालामिन कैप्सूल बरामद हुए। प्रतिबंधित दवाइयों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया गया, जबकि अन्य कैप्सूल आगे की कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को सौंपे गए।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि दवाइयां यूपी से कूरियर कंपनी के माध्यम से मंगवाई जाती थीं। इसी जानकारी के आधार पर डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने जौनपुर में दबिश दी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर हिमाचल लाया गया।
एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार कार चालक संजीव कुमार न्यायिक हिरासत में है, जबकि एक अन्य आरोपी एमआर अभी फरार है। पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दवाइयों की सप्लाई किस स्रोत से की जा रही थी।
पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई प्रदेश में नशे की सप्लाई पर बड़ी चोट है, लेकिन साथ ही यह भी संकेत है कि तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर हिमाचल को निशाना बना रहे हैं।