#अपराध
November 24, 2025
हिमाचल: जमीन के लिए मां-बेटे ने पड़ोसी की कर दी ह*त्या, उजाड़ दिया हंसता खेलता परिवार
31 वर्षीय व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती मर्डर की घटनाओं में अब एक और हत्या का इजाफा हो गया है। हिमाचल के चंबा जिला से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां जमीन के टुकड़े के लिए एक मां बेटे ने मिलकर पड़ोसी की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों मां बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फॉरेंसिंक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर बुलाया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला चंबा जिला के उपमंडल भरमौर से सामने आया है। भरमौर के घरेड़ गांव में तीन दिन पहले जमीन के टुकड़े न एक परिवार की जिंदगी को ही उजाड़ दिया। खुनी संघर्ष में एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया था। घायल को पहले चंबा फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी उपचार के बाद मौत हो गई। अब इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: EC की रोक को दरकिनार कर सुक्खू सरकार ने पंचायतों के पुनर्गठन का लिया फैसला
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले मामूली भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट ने सोमवार को एक युवक की जान ले ली। गंभीर रूप से घायल 31 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र केवल चौहान ने टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वहीं पुलिस ने आरोपित मां-बेटे को गिरफ्तार कर अब हत्या के आरोप में जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट: 2 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का निर्णय, 800 पुलिस कांस्टेबलों की होगी भर्ती
स्थानीय लोगों के मुताबिक संजीव कुमार और उसके पड़ोसियों लक्की कुमार पुत्र महासू तथा उसकी मां झुणको देवी के बीच जमीन के एक हिस्से को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। शनिवार को विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने संजीव पर डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल संजीव बेसुध अवस्था में गिर पड़ा। उसे पहले भरमौर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी स्थिति को देखते हुए तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
यह भी पढ़ें : नहीं रहे बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि संजीव की मौत हो गई है। इसके बाद भरमौर पुलिस टीम टांडा पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। संजीव की भाभी अंजलि ने घटना वाले दिन ही मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। अब संजीव की मौत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा बदलते हुए हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस की नाक के नीचे से फरार हो रहे कैदी : उठने लगे कई सवाल, कौन देगा जवाब?
घटना की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर से फॉरेंसिक टीम भरमौर भेजी गईए जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस का कहना है कि घटना की हर कड़ी को वैज्ञानिक तरीके से जोड़कर पूरे मामले को अदालत में मजबूती से पेश किया जाएगा। घरेड़ गांव में इस हत्या से दहशत और शोक का माहौल है। पंचायत प्रधान मिलाप चौहान ने बताया कि पंचायत प्रशासन पूरी तरह से पुलिस की जांच में सहयोग कर रहा है।
डीएसपी रंजन शर्मा ने पुष्टि की कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।