#अपराध
April 16, 2025
DC मंडी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, खाली करवाया परिसर- सुरक्षा बल तैनात
एक ईमेल से पूरे महकमे में मच गया हड़कंप
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला मुख्यालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही यह धमकी भरा ईमेल प्रशासन को मिला पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से तत्काल पूरे परिसर को खाली करवाया गया और बम डिस्पोजल स्क्वाड को मौके पर बुला लिया गया।
जिस भवन को धमकी दी गई, उसमें डीसी कार्यालय, एसपी कार्यालय और कोर्ट परिसर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी विभाग हैं। जैसे ही ईमेल की जानकारी फैली वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग बदहवास हालत में बाहर की ओर भागते नजर आए।
यह भी पढ़ें : अपने कमरे में युवक ने उठाया ऐसा कदम, नहीं बच पाया- सदमे में परिवार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की टीम तैनात की है। पूरे भवन की गहन तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, जांच एजेंसियों ने ईमेल की स्रोत की छानबीन शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी कहां से और किस मकसद से भेजी गई।
यह भी पढ़ें: होटल के कमरा नंबर 210 में चल रही थी डील, पुलिस ने मारी रेड- महिलाएं भी धरी
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल को लेकर साइबर क्राइम यूनिट भी सक्रिय हो गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल किस डिवाइस से और किस लोकेशन से भेजा गया।
यह भी पढ़ें : पंजाब से हिमाचल पहुंचाया नशा, यूथ क्लब ने तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा- जमकर की धुनाई
जांच पूरी होने तक क्षेत्र को सील करने जैसी व्यवस्था भी की जा सकती है। बहरहाल, अब सबकी निगाहें जांच एजेंसियों पर टिकी हैं कि इस धमकी के पीछे कोई शरारती तत्व है या गंभीर साजिश।