#अपराध
June 22, 2025
हिमाचल: दो ट्रक यूनियनों में चले डंडे और ईंटे, माल ढुलाई को लेकर हुआ बवाल
माल ढुलाई को लेकर दो ट्रक यूनियनो के बीच झड़प
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में औद्योगिक माल ढुलाई को लेकर उपजे तनाव के बीच दो ट्रक यूनियनों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ट्रक यूनियनों के सदस्यों ने एक दूसरे पर जमकर लाठी, डंडे और ईंटें बरसाईं। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हुए हैं। वहीं मामला सामने आने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
यह हिंसक झड़प उपमंडल अंब के तहत आते मुबारिकपुर में आज रविवार दोपहर के समय हुई। लिवगार्ड फैक्ट्री के बाहर माल ढुलाई को लेकर शिवालिक ट्रक यूनियन अंब और जयशंकर ट्रक यूनियन भंजाल के बीच हुए संघर्ष में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की पुष्टि की है और जांच तेज कर दी गई है।
यह संघर्ष किसी सामान्य विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि महीनों से चल रहे औद्योगिक हितों के टकराव का उग्र रूप था। 3 अगस्त 2024 को जिलाधीश ऊना की मध्यस्थता में दोनों यूनियनों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था, जिसमें यह तय किया गया था कि लिवगार्ड फैक्ट्री की माल ढुलाई दोनों यूनियनों को बराबर रूप से दी जाएगी। शुरुआती महीनों तक यह समझौता निभाया गया, लेकिन हाल के हफ्तों में जयशंकर यूनियन ने आरोप लगाए कि अंब यूनियन अनुचित रूप से अधिक काम हथिया रही है।
यह भी पढ़ें : नीरज भारती ने सीएम सुक्खू से की मुलाकात, इन मुद्दों पर की चर्चा; सियासी गलियारों में हलचल
जयशंकर यूनियन के प्रधान कंवर मनिंदर सिंह ने दावा किया कि उनकी यूनियन पहले से ही ईस्टमैन जैसी फैक्ट्री के बंद हो जाने से प्रभावित है, और अब लिवगार्ड का कार्य भी छीने जाने से उनके सदस्य बेरोजगार हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि 10 जून को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लिवगार्ड की संपूर्ण ढुलाई अधिकार में देने की मांग की गई थी।
रविवार सुबह जब अंब यूनियन की एक ट्रक फैक्ट्री में प्रवेश कर रही थी, उसी समय भंजाल यूनियन के सदस्यों ने रास्ता रोककर विरोध शुरू किया। देखते ही देखते मामला हाथापाई और फिर लाठी.डंडों तक जा पहुंचा। भंजाल यूनियन के चार सदस्य सिमरन, राजकुमार, अशोक कुमार और रफीक मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रैफिक ने बर्बाद की सालों की मेहनत, भर्ती परीक्षा में 5 मिनट की देरी पर नहीं मिली एंट्री
शिवालिक ट्रक यूनियन अंब ने इस झगड़े के लिए भंजाल यूनियन को दोषी ठहराते हुए कहा कि यह एक सोची.समझी साजिश थी। यूनियन के प्रतिनिधियों के अनुसार वे पहले ही उपायुक्त से मिलकर समाधान की मांग कर चुके थे और उन्हें आश्वासन मिला था। इसके बावजूद विरोधियों ने उनकी गाड़ी को रोककर माहौल बिगाड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूलों में बरसात की छुट्टियों का शेड्यूल बदला, लोगों ने उठाए सवाल; जानें क्यों
थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने जानकारी दी कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया और सभी घायलों को मेडिकल सुविधा प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि कानून अपने अनुसार काम करेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।