#अपराध
September 23, 2025
हिमाचल : रात के अंधेरे में चिट्टा सप्लाई करने निकले थे युवक-युवती, रास्ते में हो गया पुलिस से सामना
रात 2 बजे टोल प्लाजा पर हुई कार्रवाई
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे का काला कारोबार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई लोग इस नशा तस्करी के कारोबार में फंसते जा हैं। नशा तस्करी के काले धंधे में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला बिलासपुर जिले से सामने आया है। जहां घुमारवीं पुलिस टीम ने एक युवक और युवती को नशे के साथ पकड़ा है।
बता दें कि, जिला के बलोह टोल प्लाजा में घुमारवीं पुलिस टीम ने एक युवक और एक युवती को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात करीब 2 बजे की गई, जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घुमारवीं पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में सवार होकर युवक और युवती नशे की खेप ले जा रहे है। बात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक टीम का गठन किया। इसके बाद पुलिस ने बलोह टोल प्लाजा पर कड़ी निगरानी रखते हुए वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग शुरू की।
इस दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार में बैठे युवक और युवती पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने कार की गहनता से तलाशी ली और आरोपीयों के कब्जे से 14.90 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी युवक का संबंध जिला कुल्लू से है, जबकि युवती जिला मंडी की रहने वाली है। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में घुमारवीं थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
DSP घुमारवीं विशाल शर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। DSP विशाल शर्मा ने आम जनता से भी अपील की जा रही है कि यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।