#अपराध
November 20, 2025
हिमाचल : बाइक पर चिट्टा लेकर घूम रहा था युवक, जुगाड़ देख पुलिस भी रह गई दंग
पुलिस ने की आरोपी भी की बाइक जब्त
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। लगातार बढ़ रहे नशे के जाल पर कड़ा प्रहार करते हुए पुलिस ने एक युवक को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार देर शाम को पुलिस थाना रेणुका जी की टीम नियमित गश्त पर तैनात थी। पुलिस टीम द्वारा वहां से आने-जाने वाले सभी वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चिट्टा बेचने के धंधे में शामिल है और ददाहू से पनार की ओर अपनी बाइक पर नशे की खेप लेकर आ रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत हरकत में आ गई और पनार सड़क पर स्थित दाबड़ क्षेत्र में नाका लगाकर निगरानी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध बाइक वहां पहुंची। पुलिस ने उसे रोका और तलाशी लेने के लिए कहा तो युवक घबरा गया। युवक की घबराहट को देख, पुलिस का शक ओर गहरा हो गया। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाशी लेना शुरू की। पहले तो बाइक से कुछ खास नहीं मिला, लेकिन जब टीम ने बाइक के टायर की जांच की, तो सभी हैरान रह गए।
टायर के भीतर बड़ी सावधानी से छिपाया गया एक लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे को खोलने पर उसके अंदर 6.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) मिला। पुलिस ने युवक की बाइक भी जब्त कर ली। आरोपी की पहचान अभिषेक ठाकुर चूली निवासी के रुप में हुई है।
SP सिरमौर NS नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अभिषेक ठाकुर के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की सप्लाई कहां से प्राप्त करता था और किन लोगों को बेचता था।
पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, इसलिए उसके मोबाइल, कॉल डिटेल्स और संपर्कों की गहन छानबीन की जाएगी। साथ ही नशे में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।