#अपराध
August 5, 2025
हिमाचल : होटल के कमरे में पंजाबी ने छुपाया था चिट्टा, पुलिस का पड़ा छापा- हुआ अरेस्ट
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश में हर वर्ग के लोग इस कारोबार में संलिप्त पाए जा रहे हैं। मगर पुलिस टीम ने भी हिमाचल को नशा मुक्त बनाने की मुहीम छेड़ रखी है। जिसके तहत हर जिले की पुलिस द्वारा तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जा रहा है।
ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है- जहां पर पुलिस टीम ने बंंदरोल क्षेत्र से एक चिट्टा (हेरोइन) तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी से चिट्टे की खेप भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी बंदरोल क्षेत्र के एक होटल में रुके युवक के पास नशे की खेप उपलब्ध है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में छापा मारा।
तलाशी के दौरान होटल के कमरा नंबर 203 में ठहरे व्यक्ति से पुलिस ने चिट्टे (हेरोइन) की खेप बरामद की। वजन करने पर हेरोइन की खेप 50 ग्राम पाई की- जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये में है।
आरोपी की पहचान प्रीतम सिंह (38) निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए SP कुल्लू ने डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि आरोपी से बरामद की गई खेप से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये मामला नशे के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस टीम ने द्वारा आरोपी से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने ये खेप किससे खरीदी थी और आगे किसको बेचने वाला था।
उन्होंने बताया कि आरोपी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। मामले से जुड़े किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में किसी बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। साथ ही और भी कई लोगों की गिरफ्तारियों हो सकती हैं।
विदित रहे कि, हिमाचल में नशा तस्करी की जड़ें दिन-ब-दिन और गहरी होती जा रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों की शांत वादियों के बीच अब नशे का काला कारोबार पनप रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। पुलिस की तमाम कोशिशों और जागरूकता अभियानों के बावजूद नशे के सौदागर नए-नए रास्तों से अपना जाल फैला रहे हैं।
चरस, हेरोइन, अफीम और सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी खासकर कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जैसे जिलों में बढ़ती जा रही है। सबसे चिंता की बात यह है कि इसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र भी शिकार बनते जा रहे हैं। कई मामलों में तो स्थानीय लोग ही तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं, जिससे समाज में अविश्वास और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। हालांकि, पुलिस टीम नशा तस्करों को लेकर काफी चौकना है। पुलिस टीम द्वारा समय-समय पर छापेमारी कर गिरफ्तारियां की जा रही हैं।