#अपराध
March 11, 2026
हिमाचल : आधा किलो चरस सप्लाई करने निकला युवक, नाके पर पुलिस को देख छूटे पसीने- हुआ अरेस्ट
चरस संग रंगे हाथों पकड़ा गया 30 वर्षीय युवक
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। शांत और पर्यटन के लिए मशहूर इस पहाड़ी राज्य में अब चरस और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी तेजी से फैलती दिखाई दे रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस आए दिन चरस तस्करों को गिरफ्तार कर रही है और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में ताजा मामला हिमाचल के बिलासपुर जिले से सामने आया है। यहां घुमारवीं पुलिस थाने की टीम को नाके पर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने आधा किलो चरस की खेप के साथ एक 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, घुमारवीं पुलिस थाने की टीम ने बलोह-मल्यावर संपर्क मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस टीम वहां से आने-जाने वाले सभी वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान वहां से पैदल गुजर रहा युवक पुलिस को देख घबराने लगा।
पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ तो पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका और तलाशी देने के लिए कहा। तलाशी का नाम सुनते ही युवक के चेहरे का रंग उड़ गया। इसी बीच पुलिस टीम ने उसका बैग खोला- जिसमें से आधा किलो चरस का एक पैकेट बरामद हुआ।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान निमत राम (33) के रूप में हुई है। निमत कुल्लू के नडाहरा गांव का रहने वाला है। पुलिस टीम अब निमत पूछताछ कर ये पता लगाने में जुटी हुई है कि वो ये खेप कहां से लेकर आया था और आगे कहां सप्लाई करने वाला था।

मामले की पुष्टि करते हुए DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस काले कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रदेश भर में पुलिस टीम द्वारा नशे के सौदागरों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में भी पुलिस की गश्त और नाकेबंदी अभियान जारी रहेंगे ताकि नशे की तस्करी पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।
विविदत रहे कि, हिमाचल पुलिस की सख्ती और लगातार चलाए जा रहे अभियान के चलते कई तस्कर पकड़े भी जा रहे हैं। मगर इसके बावजूद नशा तस्करी का नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रहा है।
नशा तस्करी का सबसे बड़ा असर युवाओं पर पड़ रहा है। आसान पैसे के लालच में कुछ युवा इस अवैध धंधे में शामिल हो रहे हैं। जबकि दूसरी ओर कई युवा नशे की लत का शिकार भी बन रहे हैं।
हिमाचल पुलिस भी इस चुनौती से निपटने के लिए लगातार अभियान चला रही है। जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।