#अपराध
May 5, 2025
हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े तीन युवक, आए थे चरस और चिट्टे की तस्करी करने
दो बाइक पर निकले थे सप्लाई करने, एक ने होम स्टे में छिपाई थी खेप
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध पुलिस का अभियान तेज हो गया है। पुलिस थाना मणिकर्ण और मनाली की टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तीन व्यक्तियों को धर दबोचा है। पुलिस टीम ने आरोपियों से चिट्टे और चरस की खेप भी बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 309 ग्राम चरस और 3.400 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों युवक कुल्लू में चरस और चिट्टे की तस्करी करने आए थे। मगर उससे पहले ही तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पहली कार्रवाई मणिकर्ण क्षेत्र के रस्कट इलाके में अंजाम दी गई, जहां पुलिस टीम ने नियमित जांच के लिए एक संदिग्ध बाइक को रोका। बाइक पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 309 ग्राम चरस बरामद हुई। इतने बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ की बरामदगी यह संकेत देती है कि आरोपी संभवतः किसी अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ मणिकर्ण थाने में मादक द्रव्य एवं मनोत्वरक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि ये युवक यह चरस कहां से लाए थे और किसे बेचने जा रहे थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए दोनों आरोपी हिमाचल के रहने वाले नहीं हैं। आरोपियों की उम्र 20 और 22 साल के बीच है। आरोपियों की पहचान-
वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई मनाली पुलिस ने की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अलेउ गोम्पा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में छापा मारा। छानबीन के दौरान पुलिस को एक कमरे में रुके शुभम कुमार (26), निवासी अंबाला, हरियाणा के कब्जे से 3.400 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना मनाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। शुभम से यह जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है कि वह यह चिट्टा कहां से लाया और किन लोगों तक पहुंचाने वाला था।
इन दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि जिला भर में नशा तस्करी के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की विशेष टीमें निरंतर गश्त और तलाशी अभियान चला रही हैं ताकि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि का आभास हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जिला कुल्लू जैसे पर्यटन स्थल में नशा तस्करी की घटनाएं न केवल समाज के लिए चिंता का विषय हैं, बल्कि इससे राज्य की छवि पर भी असर पड़ता है। पुलिस का यह दोहरा ऑपरेशन इस बात का संकेत है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है।