#अपराध

April 7, 2026

हिमाचल पुलिस ने पकड़े सात युवक : एक किलो से ज्यादा चरस, 20 लाख का चिट्टा और कैश बरामद

पुलिस ने जब्त की चार गाडियां, कब्जे में लिया ढेर सारा नशा

शेयर करें:

charas chitta cash recovered nurpur kangra himachal police

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर सख्ती का परिचय दिया है। पुलिस जिला नूरपुर की टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सात नशा तस्कर अरेस्ट

इस दौरान पुलिस ने न सिर्फ नशीले पदार्थ बरामद किए, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त कर नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने ये कार्रवाई चार अलग-अलग मामलों में की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में घर बनाना हुआ और महंगा : लोगों को दोहरी मार- सीमेंट 15, सरिया 1000 रुपए उछला

पुलिस को मिली बड़ी सफलता

SP कुलभूषण वर्मा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत की गई। सोमवार को विभिन्न स्थानों पर की गई छापेमारी और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए चिट्टे की खेप लगभग 20 लाख बताई जा रही है।

अलग-अलग तरह का नशा बरामद

पुलिस टीम ने आरोपियों से 1 किलो 256 ग्राम चरस, 28.21 ग्राम चिट्टा और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो कारें, एक बाइक और एक स्कूटी भी कब्जे में ली गई हैं।

यह भी पढ़ें : IITian बाबा ने हिमाचल में की शादी : एक साल से चल रही थी लव स्टोरी, जानें कौन है लड़की?

पंजाब सप्लाई की तैयारी

पहले मामले में नूरपुर पुलिस ने कंडवाल के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 1 किलो 256 ग्राम चरस और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी की पहचान राम कुमार निवासी कुमारसैन (शिमला) के रूप में हुई है, जो कुल्लू में ढाबा चलाता है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इस खेप को पंजाब में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही निगरानी में था और उसके खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का कहर : 5 जिलों में तूफान, ओलों और तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

स्कूटी सवार हुआ गिरफ्तार

दूसरे मामले में सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इंदौरा क्षेत्र के गांव समल के पास कार्रवाई की। यहां एक स्कूटी सवार नरेश कुमार को रोका गया, जिसकी तलाशी में 11.87 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना डमटाल में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

कार के डैशबोर्ड से निकला चिट्टा

तीसरे मामले में चंगराड़ा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका गया। जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा गया 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में दो आरोपियों कमलदीप उर्फ टिम्मी और जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कमलदीप पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है और वह पंजाब तथा जम्मू से नशे की सप्लाई कर अंतरराज्यीय नेटवर्क चला रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाएं सरकारी नौकरी : 149 पदों पर निकली बंपर भर्ती, एक क्लिक में यहां जानें पूरी डिटेल

तीन युवक चिट्टे संग दबोचे

चौथे मामले में थाना फतेहपुर की टीम ने 52 गेट (टोल बैरियर) के पास गश्त के दौरान एक बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 6.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान हैप्पी, नितिश चौधरी और नीरज कुमार उर्फ कोबरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नीरज के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं और उस पर PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। उसे पहले नजरबंद भी किया जा चुका है।

नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में आरोपियों के आपसी संपर्कों और सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि नशा कारोबार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का अपाहिज सिस्टम : व्हील चेयर पर पड़े शख्स को बताया मु.र्दा- पेंशन भी की बंद

नशा माफिया की खैर नहीं

उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में कोई ढील नहीं बरती जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा माफिया के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख