#अपराध
July 19, 2025
हिमाचल : पड़ोस से दूध लेकर लौटी मां को इस हाल में मिला लाडला, पल भर में उजड़ा परिवार
भराड़ी के हटवाड़ पंचायत का मामला, 31 वर्षीय युवक ने घर में की आत्महत्या
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना के अंतर्गत हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यहां एक नौजवान शख्स ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार यानी आज सुबह देहरा गांव के 31 वर्षीय युवक शशि चड्ढा का शव उसके घर में छत से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। मां की चीख सुन पड़ोसी घटना स्थल पर पहुंचे और मंजर देख सन्न रह गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी बनी भक्ति की मिसाल: 300 KM पैदल चलकर लाई कांवड़, भोलनाथ को अर्पित किया जल
शनिवार सुबह शशि घर पर अकेला था। उसकी मां पड़ोस में दूध लेने गई थी। जब वह करीब 7 बजे घर लौटी तो आंखों के सामने जो दृश्य था, उसने उनके पैरों तले ज़मीन खींच ली। उनका बेटा छत के कुंडे से दुपट्टे के फंदे पर झूल रहा था। मां की चीख सुनते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सड़क से सीधे 400 मीटर नीचे नदी में जा गिरी कार, चीख पुकार से सहमा क्षेत्र
वहीं, गांववालों ने तुरंत पंचायत प्रधान राजेंद्र सिंह को सूचना दी। प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। भराड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शशि अविवाहित था और घर के पास दुकान चलाता था। वह हटवाड़ सहकारी सभा का निदेशक सदस्य भी था। परिवार में सिर्फ मां और शशि ही रहते थे, जबकि छोटा भाई विदेश में नौकरी करता है। ग्रामीणों का कहना है कि शशि बेहद मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि वह ऐसा कदम उठा सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आपदा में बह गई सड़क- बीमार महिला के लिए फरिश्ते बनें ग्रामीण, पालकी से पहुंचाया अस्पताल
घुमारवीं के डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से पूरा इलाका गमगीन हो गया है।