#अपराध
March 21, 2025
हिमाचल में भिंडरावाला के झंडे उतारे तो बदले के लिए टैक्सी ड्राइवर ने रची जानलेवा साजिश
पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 2 लोगों को पकड़ा
शेयर करें:

शिमला। पंजाब के मोहाली के खरड में HRTC चंडीगढ़-मनाली बस पर हमला एक सुनियोजित साजिश थी। पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपियों में से एक ने बताया है कि सोशल मीडिया पर हिमाचल और पंजाब के बीच चल रहे विवाद के बारे में पोस्ट देखी थी। इसी के बाद उसने बदला लेने के लिए HRTC की बस पर हमला किया।
इस घटना का मास्टरमाइंड टैक्सी चालक गगनदीप है। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल लिया है। उसने पुलिस को बताया है कि गगनदीप ने सोशल मीडिया पर भिंडरावाला के झंडे को लेकर हिमाचल और पंजाब के बीच चल रहे विवाद को लेकर पोस्ट देखी और फिर मन में बदला लेने की ठानी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर, ट्रैक्टर चालक ने कुचल दी 8 साल की बच्ची
गगनदीप ने पूरा प्लान बनाया और अपने साथी हरदीप को लेकर एक प्लानिंग के तहत हिमाचल रोडवेज की बस के शीशे तोड़े और वहां से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मास्टरमाइंड गगनदीप सिंह निवासी फाजिल्का का रहने वाला है और पेशे से टैक्सी ड्राइवर है और फिलहाल मोहली जिले में किराए पर रहता है। उसका दूसरा साथी हरदीप रोपड़ से है और फिलहाल मोहाली जिले में रेंट पर रहता है और प्राइवेट जॉब करता है। पुलिस ने ह्यूमन और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से दोनों को काबू कर लिया है और टैक्सी नंबर अल्टो गाड़ी भी रिकवर कर ली है।
डीएसपी खरड़ कर्ण सिंह संधू ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई थी और फिर दोनों को अरेस्ट कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों राज्य के लोग भाईचारा कायम रखें और शांति बनाए रखें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग : कहां चले गए धवाला और BJP के ढेर सारे दिग्गज ?
डीएसपी ने बताया कि तकनीकी मदद से दोनों को अरेस्ट किया गया है। हिमाचल के परिवहन मंत्री मुकेश अग्नहोत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली और कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिमाचल और पंजाब के खालिस्तानी समर्थकों के बीच चल रहे विवाद के बीच 18 मार्च को खरड में चंडीगढ़ से हमीरपुर जा रही बस को निशाना बनाया गया था। इस बस को रुकवाकर इसे शीशे तोड़े गए थे। हालांकि, अहम बात है कि सवारों को चोट नहीं आई थी।