#अपराध
May 9, 2026
हिमाचल: सरकारी महिला टीचर को स्कूल में आकर धमकाया, फिर रास्ता रोक की पि.टाई- 3 पर आरोप
स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका पर हमला, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपमंडल बंगाणा के रायपुर मैदान क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने तीन लोगों पर स्कूल में घुसकर धमकाने और बाद में रास्ते में रोककर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि मामला दोनों पक्षों के बीच चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है।
शिक्षिका की शिकायत पर बंगाणा थाना पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें : चिट्टे ने बिगाड़ी हिमाचल की तस्वीर- देश भर में दूसरे नंबर पर पहुंचा, रिपोर्ट में हुआ खुलासा
पुलिस को दी शिकायत में पुष्पा देवी निवासी अपर रायपुर मैदान ने बताया कि वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला चुरड़ी में अध्यापिका हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गत दिवस उनके पड़ोसी रमेश चंद, राकेश कुमार और कमलेश देवी स्कूल पहुंचे और वहां उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन- बार-बार तस्करी कर रहे थे 3 आरोपी, अब भेजे कंडा जेल
शिक्षिका का कहना है कि तीनों ने जमीन विवाद को लेकर स्कूल परिसर में बहस की और प्रिंसिपल के सामने उनके बारे में गलत बातें कहीं। इतना ही नहीं, उन्हें स्कूल से निकलवाने तक की धमकी दी गई।
शिक्षिका ने आरोप लगाया कि जब दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने बेटे के साथ घर लौट रही थीं, तभी आरोपितों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को चल रही थी दोस्तों की पार्टी, मामूली बहस के बाद युवक को पत्थर से मा.रा, देह फेंक भागे
उन्होंने शिकायत में बताया कि कमलेश देवी ने उन्हें थप्पड़ भी मारे। इस दौरान मौके पर मौजूद रजनी नाम की महिला ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। शिक्षिका ने यह भी बताया कि 4 मई को भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था।
एएसपी संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।