#अपराध
May 29, 2026
हिमाचल से खरीदी चरस की बड़ी खेप, हरियाणा में सप्लाई से पहले पकड़ा गया विदेशी तस्कर
ऑस्ट्रिया का नागरिक चरस की बड़ी खेप संग धरा, भारत में 2009 से रह रहा
शेयर करें:

कैथल/शिमला। नशा तस्करी का जाल अब हिमाचल प्रदेश से निकलकर पड़ोसी राज्यों तक फैल चुका है। चिंताजनक बात यह है कि इस काले कारोबार में अब सिर्फ स्थानीय तस्कर ही नहीं, बल्कि विदेशी नागरिक भी सक्रिय होने लगे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला हिमाचल के पड़ोसी राज्य हरियाणा से सामने आया है, जहां ऑस्ट्रिया के एक नागरिक को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक हिमाचल प्रदेश से चरस की बड़ी खेप खरीदकर हरियाणा में सप्लाई करने पहुंचा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से एक किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के कैथल जिले में नशा मुक्त जिला अभियान के तहत पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी नागरिक नशीले पदार्थ की बड़ी खेप लेकर पूंडरी क्षेत्र में मौजूद है और किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेकाबू स्कॉर्पियो ने कु*चल दिया 8 साल का मासूम, मां-बाप का इकलौता बेटा था आर्यन
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने NH-152D मोहना पुल के पास नाकेबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति मौके से भागने लगा] लेकिन पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

कैथल के डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में जब पकड़े गए विदेशी नागरिक के बैग की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर एक पॉलीथीन के पैकेट से 1 किलो 85 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से भारत में रह रहा था और फिलहाल तमिलनाडु में ठहरा हुआ था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश से चरस खरीदकर उसे दूसरे राज्यों में सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
यह भी पढ़े : हिमाचल पंचायत चुनाव में जीत का चौका : लगातार चौथी बार उप-प्रधान चुने गए दिनेश ठाकुर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनुचेहर रशीदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वियना (ऑस्ट्रिया) का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2009 से भारत में रह रहा है। एक विदेशी नागरिक का इस तरह नशा तस्करी में शामिल पाया जाना सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के लिए चिंता का विषय बन गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का संबंध किन-किन लोगों और राज्यों से जुड़ा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस यह जानने का प्रयास करेगी कि आरोपी ने हिमाचल में किससे चरस खरीदी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
इस घटना के बाद एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में तैयार होने वाली चरस और उसके अंतरराज्यीय नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद नशा तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कारोबार को बढ़ाने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।