#अपराध
December 13, 2025
हिमाचल: शातिर निकला तस्कर... बस में चरस से भरा बैग रख बना अनजान; तलाश में जुटी पुलिस
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहा है। कभी पार्सल के माध्यम से तो कभी बसों में छिपाकर नशे की खेप ले जाई जा रही है। तस्कर इतनी चालाकी से नशे को छिपाने की कोशिश करते हैं कि नशा पकड़े जाने की आशंका होते ही वे खुद मौके से फरार हो जाते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला मंडी जिले से सामने आया है, जहां पुलिस टीम ने नशीले पदार्थों से भरा एक बैग बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला मंडी जिले के जड़ोल क्षेत्र का है। यहां शनिवार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम नियमित गश्त और नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक वॉल्वो बस को तलाशी के लिए रोका गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में होने जा रही है शिक्षकों की भारी कमी: एक साथ रिटायर हो रहे 1600 अध्यापक
बस की गहन तलाशी के दौरान ANTF टीम को एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ, जिसे देखते ही बस में हड़कंप मच गया। जब टीम ने बैग को खोलकर जांच की तो उसमें छिपाकर रखी गई चरस की भारी खेप बरामद हुई। चरस का वजन करने पर इसकी मात्रा 1.057 किलोग्राम पाई गई। हालांकि बस में सफर कर रहे किसी भी यात्री ने इस बैग को अपना नहीं बताया।
पुलिस का मानना है कि टीम की सक्रियता और सख्त जांच को देखते हुए किसी तस्कर ने चरस को बस के अंदर लावारिस हालत में छोड़ दिया होगा, ताकि गिरफ्तारी से बचा जा सके। इस तरीके से नशा तस्कर अक्सर कानून के शिकंजे से बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस बार उनकी चाल पुलिस की मुस्तैदी के आगे काम नहीं आई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड किनारे कार खड़ी कर चिट्टे की सप्लाई देने आया था युवक, बड़ी खेप संग धरा
SP मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चरस किसकी थी, इसे कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस की टीमें तस्कर की पहचान के लिए हर पहलू से गहनता से छानबीन कर रही हैं।