#अपराध
January 27, 2025
हिमाचल: पंचायत प्रधान ने की लाखों रुपए की हेराफेरी !, अनपढ़ शख्स के खाते से किया लेनदेन
पीड़िता बोला: ना मैंने काम किया, ना निविदा भी; फिर कैसे मेरे खाते में आए पैसे
शेयर करें:
चंबा। हिमाचल प्रदेश की पंचायतों में विकास के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले अकसर सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला अब हिमाचल के चंबा जिला के चुराह से सामने आया हैं यहां पंचायत प्रधान पर लाखों रुपए के सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं। आरोप है कि पंचायत प्रधान ने एक अनपढ़ शख्स के खाते का प्रयोग कर लाखों रुपए की हेराफेरी की है।
मामला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र की भराड़ा पंचायत से सामने आया है। भराड़ा पंचायत प्रधान ने एक अनपढ़ शख्स का बैंक खाता खोल कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब व्यक्ति के खाते से 12 लाख रुपए चेक के माध्यम से निकाले गए। व्यक्ति को एहसास हुआ कि उसके खाते का दुरुपयोग हो रहा है। जिसकी शिकायत उसने तीसा पुलिस थाना में दर्ज करवाई।
पुलिस को सौंपी शिकायत में खेर सिंह निवासी भराड़ा पंचायत ने बताया कि पंचायत प्रधान ने उनके नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया है। खेर सिंह ने बताया कि उसने ना तो पंचायत में कोई कार्य करवाया और ना ही किसी निविदा में भाग लिया। फिर कैसे उसके नाम पर बिल बने और धनराशि का भुगतान हुआ। इसकी जांच की जाए।
खेर सिंह ने बताया कि पंचायत प्रधान ने उसके नाम का खाता खोला। उसके बाद उसके खाते में साढ़े तीन लाख रुपए जमा हुए, जिन्हंे पंचायत प्रधान ने एक चेक पर उसके साइन करवाकर उन पैसों को निकाल लिया। उसके बाद दोबारा उसके खाते में 9 लाख रुपए जमा हुए, उन पैसों को भी प्रधान ने चेक के माध्यम से निकाल लिया।
यह भी पढ़ें : अब कैश की जरूरत नहीं, HRTC बसों में ऑनलाइन भी दे सकते हैं किराया
शिकायतकर्ता खेर सिंह ने बताया कि वह अनपढ़ है और खेतीबाड़ी के साथ दिहाड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। पंचायत प्रधान ने उन्हें यह कहकर बैंक खाता नंबर लिया, कि पंचायत की धनराशि गलती से उनके खाते में चली गई है। जिसे निकालना है। उन्होंने पंचायत प्रधान पर विश्वास कर अपना खाता नंबर उन्हें दे दिया। लेकिन जब उनके नाम पर एक और खाता खोला गया और उसमें से लाखांे रुपए का लेन देन होने लगा तो उन्हें कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई।
खेर सिंह ने तीसा पुलिस थाना में अपने दोनों बैंक खातों में जमा की गई और निकाली गई राशि की पूरी जानकारी दे दी है। वहीं खेर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए तीसा थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि वह स्वयं इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पंचायत प्रधान के खिलाफ शिकायत पहुंची है। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।