#अपराध
August 30, 2026
हिमाचल शर्मसार: 10 साल की बच्ची से नीचता, चीखें सुन पहुंचे लोग तो बाइक छोड़ भागा आरोपी
युवक बच्ची को बहला फुसलाकर ले गया था अपने साथ
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। पांवटा साहिब उपमंडल में महज 10 साल की एक बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर बच्ची की मां विकासनगर गई हुई थी। शाम करीब सात बजे जब वह वापस घर पहुंची तो बच्ची और उसका भाई वहां नहीं थे। पूछताछ करने पर परिवार को पता चला कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं। रात करीब 10 बजे बच्ची का भाई घर लौटा। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी बहन कुछ समय पहले उससे अलग हो गई थी। इसके बाद परिवार ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक स्कूटी पर सवार थे तीन स्कूली छात्र, खड़े ट्रक से जा टकराए; बुझ गया एक घर का चिराग
तलाश के दौरान कुछ युवकों को यमुना विहार के वार्ड नंबर-5 में खेड़ा मंदिर के पास एक बच्ची के चीखने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे तुरंत मौके की ओर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति बच्ची के पास मौजूद था। लोगों को अपनी ओर आता देखकर वह व्यक्ति वहां से भाग निकला।
आरोपी के फरार होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान आरोपी की बाइक वहीं रह गई थी। लोगों ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर बच्ची के साथ पुलिस थाना पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। शिकायत के अनुसार बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह पांवटा साहिब के मुख्य गुरुद्वारे के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उसे बहाने से अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि युवक उसे अस्पताल के समीप वाली सड़क से होते हुए एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ जबरदस्ती की।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बदला टैक्स सिस्टम, अब लगेगा 'अनाथ और विधवा उपकर' जानें कितना पड़ेगा जेब पर बोझ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ पुलिस तकनीकी और अन्य माध्यमों से भी आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिर में बवाल : पुजारी ने पहले कहे जातिसूचक शब्द, फिर डंडे से पी*टा, FIR दर्ज
मासूम बच्ची के साथ हुई इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता और प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।