#अपराध
August 10, 2026
हिमाचल: युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर फंसाई महिला, शादी का सपना दिखा कई बार की नीचता
सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, फिर शुरू हुआ नीचता का खेल
शेयर करें:

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में दोस्ती, प्यार और फिर धोखे के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शातिर युवक अक्सर सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाते हैं। पहले उन्हें फॉलो कर दोस्ती का जाल बिछाया जाता है, फिर झूठे प्यार और शादी के सब्जबाग दिखाकर उनका शारीरिक शोषण किया जाता है। जब मंशा पूरी हो जाती है, तो आरोपी उन्हें बदनामी और आंसुओं के सहारे अकेला छोड़ देते हैं।
ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला अब हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती ने महिला की जिंदगी में कभी न खत्म होने वाला दर्द दे दिया। महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में वह फेसबुक के माध्यम से आरोपी व्यक्ति के संपर्क में आई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत हुई और देखते ही देखते यह बातचीत दोस्ती में बदल गई। महिला का आरोप है कि समय के साथ आरोपी ने उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मायके गई थी आशा, पंजाब में ट्रेन की चपेट में आई- शाम को लौटना था घर
महिला के मुताबिक आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। शादी का भरोसा मिलने के बाद महिला उसके और करीब आती चली गई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर कई बार ज्वालाजी क्षेत्र के एक होटल में ले गया। शिकायत के अनुसार वहीं शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का आरोप है कि यह सिलसिला एक बार नहीं बल्कि कई बार चला।
शिकायत के मुताबिक जब महिला ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसका रवैया बदलने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी अब शादी की बात को लगातार टाल रहा है और उससे दूरी बनाने लगा है। इतना ही नहीं, महिला ने पुलिस को बताया कि अब आरोपी उसका फोन तक नहीं उठा रहा है।
काफी समय तक कथित तौर पर शादी का इंतजार करने के बाद जब महिला को आरोपी के व्यवहार में बदलाव महसूस हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
महिला थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, आरोपी और महिला के बीच संपर्क तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।