#हादसा
August 10, 2026
हिमाचल : मायके गई थी आशा, पंजाब में ट्रेन की चपेट में आई- शाम को लौटना था घर
आशा देवी इन दिनों अपने मायके आई हुई थीं
शेयर करें:

कांगड़ा/बठिंडा। पंजाब के बठिंडा में एक दर्दनाक रेल हादसे में हिमाचल प्रदेश की रहने वाली महिला की मौत हो गई। दीपनगर-पटियाला रेलवे लाइन पर महिला वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला के शव के अंग घटनास्थल के आसपास करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र में बिखर गए।
जानकारी के अनुसार घटना दीपनगर रेलवे फाटक के नजदीक हुई। महिला रेलवे ट्रैक के आसपास थी, इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर गंभीर स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद जीआरपी अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के सदस्य संदीप गिल और राजेंद्र कुमार दो एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी और पुलिस के पहुंचने तक मौके पर राहत कार्य शुरू किया।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला के शरीर के अंग ट्रैक के आसपास काफी दूरी तक बिखर गए थे। सहारा जन सेवा की टीम ने घटनास्थल से शव के बिखरे हुए अंगों को एकत्र किया और उन्हें चादर में सुरक्षित रखा। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान आशा देवी, पत्नी राजीव कुमार, निवासी कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। बताया गया कि आशा देवी इन दिनों अपने मायके आई हुई थीं। परिजनों के अनुसार वह मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। धार्मिक स्थल से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना जीआरपी की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों को सूचना देकर बुलाया। हादसे की सूचना परिवार तक पहुंचने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। थाना जीआरपी अधिकारी जसदीप सिंह के अनुसार पुलिस को महिला के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला रेलवे ट्रैक तक किस परिस्थिति में पहुंचीं और दुर्घटना किस तरह हुई। मंदिर से पूजा कर लौट रही महिला के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।