#अपराध
March 4, 2025
पंजाब से हिमाचल पहुंची चिट्टे की बड़ी खेप, सप्लाई करने से पहले ही पकड़ा गया आरोपी
आरोपी पुलिस के राडार पर था, जाल बिछाकर पकड़ा
शेयर करें:

मनाली। हिमाचल की मनाली पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो नशा बेचने पंजाब से आया था। युवक से 52 ग्राम चिट्टा भी बरामद हुआ है। राजीव कुमार नाम के इस 32 साल के युवक के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बंद होगी अयोग्य विधायकों की पेंशन, रिकवरी का भी है प्रावधान
पतलीकुहल पुलिस की टीम को पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव बोरा गढ़शंकर के रहने वाले राजीव कुमार के बारे में पहले से सूचना थी। वह पुलिस के राडार में था। सोमवार को जैसे ही युवक के मनाली में होने की सूचना मिली, पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर को बना रखा था नशे का अड्डा, नकदी और खेप समेत अरेस्ट हुआ तस्कर
डीएसपी मनाली केडी शर्मा के अनुसार आरोपी राजीव से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में पंजाब के नशा तस्कर गिराहों के बारे में और भी जानकारी मिलेगी, जिससे बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने की संभावना है।
करीब एक सप्ताह पहले ही मनाली पुलिस ने शहर के एक होटल में छापा मारकर पंजाब के ही दो युवकों को करीब 30 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। ये दोनों लड़के होटल से परचून बेचने के नाम पर चिट्टे की तस्करी कर रहे थे। इसके अलावा मनाली पुलिस को पिछले हफ्ते एक पब्लिक टॉयलेट में युवक की देह मिली थी, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि उसकी मौत चिट्टे ओवरडोज से हुई थी।
हिमाचल सरकार ने नशा तस्करी की समस्या से निपटने के लिए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स गठित करने को कहा है। इसके साथ ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को और अधिक सशक्त किया जाएगा। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे पंचायत स्तर पर नशा तस्करों और पीड़ितों की पहचान कर 15 मार्च 2025 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और नंबरदारों को भी अभियान में शामिल करें।