#अपराध
April 25, 2025
हिमाचल: बेटे के पास जाने को घर से निकला था शख्स, 2 दिन बाद खाई में मिली देह
दो दिन तक मोबाइल बंद रहना पैदा कर रहा शक
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में भनौता गांव का गजिंदर बुधवार को अपनी पत्नी से यह कहकर निकला था कि वह शिमला में अपने बेटे से मिलने जा रहा है। लेकिन शिमला पहुंचने के बजाय वह गांव के आसपास ही भटकता रहा और 2 दिन बाद शुक्रवार को चनेड के पास ढांक के किनारे उसका शव बरामद हुआ है।
पुलिस उसके ढांक से गिरने का अनुमान लगा रही है, लेकिन मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि घर से निकलने के बाद उसका मोबाइल फोन बंद मिल रहा था। शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने ढांक के नीचे एक व्यक्ति को बेसुध पड़े देखा तो ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
यह भी पढ़ें : सिंधु जल समझौते के रद्द होने से भारत का पावर हब बन सकता है हिमाचल, जानें कैसे
इस पर पंचायत प्रधान ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि गजिंदर बुधवार शाम को 5 बजे शिमला जाने का कहकर घर से निकला था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि दो दिन वह कहां रहा और किनसे मिला। पुलिस ने हर एंगल से इस मामले की जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट यह कह रही है कि गजिंदर की मौत ढांक से गिरने के कारण हुई है, लेकिन पुलिस इस मामले को इस नजर से भी देख रही है कि कहीं उसे ढांक से नीचे तो नहीं गिराया गया है। गजिंदर का दो दिन तक मोबाइल बंद रहना भी शक पैदा कर रहा है।