#अपराध

July 3, 2026

हिमाचल: दो युवकों के पास मिला लाखों का चिट्टा, कई सिरिंज भी बरामद; कार में निकले थे सप्लाई करने

38.95 ग्राम चिट्टे के साथ शिमला और सोलन के युवक गिरफ्तार

शेयर करें:

chitta News

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार सख्ती और अभियान के बावजूद चिट्टे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ऐसे हैं कि शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जब प्रदेश के किसी न किसी जिले से चिट्टा तस्करी या नशे से जुड़ा मामला सामने न आता हो। लगभग रोजाना दो से तीन मामलों की रिपोर्टिंग यह संकेत दे रही है कि नशा माफिया अब भी सक्रिय हैं और युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेने की कोशिश कर रहे हैं।

 

इसी कड़ी में अब सिरमौर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने दो युवकों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा और साथ में मिली सिरिंजों ने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना ने खोला नशा तस्करी का राज

जानकारी के अनुसार सिरमौर पुलिस की विशेष टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और नशा तस्करी पर नजर रखने के लिए सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूचना मिली कि एक कार में सवार दो युवक बड़ी मात्रा में चिट्टा लेकर इलाके से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रणनीति तैयार की और संभावित मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

 

यह भी पढ़ें : युवक ने सीएम सुक्खू को ही दे डाली जा.न से मा*रने की ध*मकी, अभद्र टिप्पणी भी की, पुलिस ने धरा

लिफाफे से निकली चिट्टे की बड़ी खेप

तलाशी के दौरान पुलिस की नजर कार में मौजूद एक लिफाफे पर पड़ी। जब लिफाफे की जांच की गई तो उसमें से लगभग 38ण्95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इतनी मात्रा में चिट्टा मिलने के बाद पुलिस टीम भी हैरान रह गई। बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बरामद नशीला पदार्थ किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी वजह से पुलिस अब मामले को केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रख रहीए बल्कि इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

सिरिंज मिलने से और गहराया मामला

हैरानी की बात यह रही कि बैग से केवल चिट्टा ही नहीं बल्कि कई इस्तेमाल की हुई सिरिंज भी बरामद हुईं। पुलिस को पांच सिरिंज मिली हैं, जिनके मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि नशे का सेवन और आपूर्ति दोनों गतिविधियां इस मामले से जुड़ी हो सकती हैं। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि बरामद सिरिंजों का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया था और क्या आरोपियों का संबंध किसी बड़े नशा नेटवर्क से है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: हार्ट अटैक की आशंका पर आए मरीज से डॉक्टर बोला... "कल आना" कुल्लू मामले से भी नहीं लिया सबक

दो युवक गिरफ्तार, पूछताछ जारी

कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान 31वर्षीय वाहन चालक हरिश चौहान निवासी शिमला की जुन्गा तहसील के सेरगाता गांव और 25 वर्षीय आकाशदीप उर्फ दीपू  निवासी गांव ओईली जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।

नशा नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

जांच एजेंसियां अब इस मामले के पीछे मौजूद संभावित सप्लाई चेन और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका तलाश रही हैं। पुलिस का मानना है कि इतनी मात्रा में बरामद नशीला पदार्थ किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी कारण आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा सड़क हा.दसा: खाई में गिरी गाड़ी के उड़े परखच्चे, दो लोग थे सवार; मची चीख-पुकार

नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख