#अपराध
August 8, 2026
हिमाचल: शादी के अगले ही दिन टूटे दूल्हे के अरमान, शॉपिंग के बहाने निकली नई नवेली दुल्हन फरार
शादी करवाने वाले पर लाखों की ठगी का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक युवक के शादी के अरमान एक ही दिन में टूट गए। युवक जिस दुल्हन को बैंड बाजे के साथ ब्याह कर घर लाया था, वह नई नवेली दुल्हन शादी के अगले ही दिन फरार हो गई। नई नवेली दुल्हन शॉपिंग के बहाने घर से निकली और फिर अचानक लापता हो गई। दुल्हन के इस तरह से गायब होने से युवक और उसके परिवार को गहरा सदमा लगा है।
परिवार ने धूमधाम से बेटे की शादी कीए घर में नई बहू के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और नई नवेली दुल्हन शादी के एक दिन बाद ही गायब हो गई। इस घटना की अब पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। वहीं पीड़ित युवक ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कर उसके साथ धोखा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल यह मामला कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर उपमंडल का है, जहां एक व्यक्ति ने शादी करवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए लंबागांव पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बेटे की शादी एक युवती से धार्मिक स्थल पर करवाई गई थी। शादी के बाद परिवार बेहद खुश था। घर में नई बहू के आने से खुशियों का माहौल था और सभी को उम्मीद थी कि अब परिवार में एक नई शुरुआत होगी। लेकिन शादी के महज अगले दिन ही परिस्थितियां अचानक बदल गईं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवती के परिजनों की ओर से सामान और आवश्यक दस्तावेज देने की बात कही गई। इसके बाद नवविवाहित दंपती को खरीदारी के लिए ले जाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बस हा**दसा, लोहा का.ट कर बाहर निकाली 7 लोगों की देह, PM मोदी ने भी जताया शोक
शिकायतकर्ता के मुताबिक, खरीदारी के दौरान युवती कथित तौर पर अपने साथ आए लोगों के साथ चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश की और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। जिस घर में शादी के अगले दिन नई बहू के स्वागत की तैयारियां होनी थीं, वहां अचानक मायूसी छा गई। परिजनों को जब पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
शिकायतकर्ता ने विवाह करवाने वाले मध्यस्थ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि संबंधित व्यक्ति ने खुद को मैरिज ब्यूरो संचालक बताया था और शादी करवाने के नाम पर मोटी रकम ली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद नकदी, आभूषण और विवाह से जुड़े अन्य खर्चों के चलते परिवार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर फंसे विधायक सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा- FIR दर्ज
शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष आशंका जताई है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं बल्कि कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा हो सकती है। उसका आरोप है कि लोगों को शादी का झांसा देकर पहले विवाह करवाया जाता है और फिर कथित तौर पर आर्थिक ठगी की जाती है। इसी आधार पर उसने पूरे मामले में एक संभावित गिरोह की संलिप्तता की आशंका भी जताई है। पुलिस अब शादी करवाने वाले मध्यस्थ, युवती और उसके साथ बताए जा रहे लोगों की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने बस हा*दसे पर जताया गहरा दुख, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 7 ने तोड़ा दम- 18 थे सवार
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है। जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शादी की व्यवस्था किसने करवाई, रकम का लेन-देन कैसे हुआ, युवती और उसके कथित साथियों के बीच क्या संबंध हैं और शादी के अगले दिन वह किन परिस्थितियों में वहां से गई।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बेरोजगारों के लिए तोहफा, निकाली सरकारी भर्ती- यहां क्लिक में जानें पूरी डिटेल
जिस घर में शादी के बाद रिश्तेदारों और परिचितों की आवाजाही थी, वहां अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार को समझ नहीं आ रहा कि शादी के अगले ही दिन नई बहू आखिर कहां चली गई। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि यह मामला वास्तव में सुनियोजित ठगी का है या इसके पीछे कोई अन्य कहानी है। पुलिस सभी संबंधित लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
शादी के अगले ही दिन दुल्हन के लापता होने और लाखों रुपये के कथित नुकसान की इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा जरूर छेड़ दी है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है कि इस 'शादी और ठगी' की कहानी का असली सच क्या निकलकर सामने आता है।