#हादसा

August 8, 2026

हिमाचल बस हा**दसा, लोहा का.ट कर बाहर निकाली 7 लोगों की देह, PM मोदी ने भी जताया शोक 

हादसे में चालक परिचालक सहित सात की गई जान, 11 का अस्पताल में चल रहा इलाज

शेयर करें:

chamba bus accident

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह हुए दिल दहला देने वाले बस हादसे ने पूरे हिमाचल को झकझोर कर रख दिया। चुराह घाटी के बैरागढ़ से चंबा जा रही निजी बस चालुंज मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में लुढ़कती हुई करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। 

 

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस के पलटते ही यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे और कई लोग बुरी तरह फंस गए। राहत दल को लोहे के हिस्से काटकर यात्रियों और शवों को बाहर निकालना पड़ा।

 

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि चंबा में हुई दुर्घटना में जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया।

बस में सवार थे 18 यात्री

जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस शनिवार सुबह बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत करीब 18 लोग सवार बताए जा रहे थे। इनमें बच्चे भी शामिल थे। बस बैरागढ़ से करीब तीन किलोमीटर आगे ही पहुंची थी कि चालुंज मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद देखते ही देखते बस सड़क से बाहर निकली और गहरी ढलान से नीचे लुढ़कते हुए दूसरी सड़क पर जा गिरी। जिस सफर को यात्रियों ने रोज की तरह सामान्य समझकर शुरू किया था, वह कुछ ही मिनटों में दर्दनाक हादसे में बदल गया।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर फंसे विधायक सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा- FIR दर्ज

 

हादसे के बाद मची चीख पुकार से दहला इलाका

बस के खाई में गिरते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस पलट चुकी थी और उसके अंदर सवारियां फंस गई थीं। हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार बस के अंदर से मदद के लिए आवाजें आ रही थीं। आसपास के ग्रामीण बिना समय गंवाए घटनास्थल की ओर दौड़े। कई लोगों ने राहत मशीनरी के पहुंचने का इंतजार किए बिना मिलकर बस को थोड़ा उठाने की कोशिश की और फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। बाद में मशीनरी और जेसीबी मौके पर पहुंची, जिसके बाद बस के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने बस हा*दसे पर जताया गहरा दुख, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 7 ने तोड़ा दम- 18 थे सवार

बस को काट कर बाहर निकाले घायल और शव

हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला और कई अन्य हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ यात्री बस के अंदर ऐसे फंस गए थे कि उन्हें सामान्य तरीके से बाहर निकालना संभव नहीं था। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस के लोहे के हिस्सों को काटा और एक-एक कर घायलों तथा मृतकों को बाहर निकाला। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए यह मंजर बेहद दर्दनाक था। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और राहत दल ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए स्थानीय लोगों ने भी पूरी मदद की।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बेरोजगारों के लिए तोहफा, निकाली सरकारी भर्ती- यहां क्लिक में जानें पूरी डिटेल

चालक परिचालक सहित 7 की मौत 11 घायल

इस भीषण हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल बताए गए हैं। मृतकों में बस चालक रूप सिंह और परिचालक तेज सिंह भी शामिल हैं।  मृतकों की पहचान जगदेव शर्मा, देस राज, तेज सिंह, जगदेई, हरदेई, नीलम और रूप सिंह के रूप में हुई है। सभी चंबा जिले के चुराह क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं। हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को पहले तीसा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें-हिमाचल में सुबह सवेरे बड़ा हा*दसा : ढांक से गिरी निजी बस, 7 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम- चीखों से दहला इलाका

PM मोदी ने एक्स पर जताया गहरा दुख

हादसे की सूचना सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चंबा में हुई दुर्घटना में जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब चंबा में हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी था और कई परिवार अपने अपनों की सलामती की खबर का इंतजार कर रहे थे।

क्या स्टीयरिंग में आई खराबी बनी हादसे की वजह?

हादसे के बाद प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आ रही है कि बस के स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी आने की वजह से वाहन अनियंत्रित हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि जांच में स्टीयरिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की पुष्टि होती है तो यह हादसे के कारणों की जांच में एक महत्वपूर्ण पहलू होगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के हर संभावित कारण की जांच कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख