#अपराध
May 5, 2026
हिमाचल: घर में चल रही थी शादी की रस्में, अचानक प्रेमी संग फरार हो गई दुल्हन; मचा हड़कंप
दुल्हे के घर में शुरू हो चुकी थी शादी की रस्में अचानक आई खबर से पसरा सन्नाटा
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक शादी समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब खुशियों से भरे माहौल के बीच अचानक दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब दुल्हन और दूल्हे के घर में शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं। दूल्हे के घर में रस्मों के बीच आई इस एक खबर ने पूरे समारोह को थाम दिया और खुशियां देखते ही देखते मातम जैसे माहौल में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल अंब के एक गांव में दूल्हे के घर में शादी की तैयारियां अपने पूरे शबाब पर थीं। रिश्तेदार और ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों का आनंद ले रहे थे और दूल्हे को हल्दी लगाने की रस्म की तैयारी चल रही थी। हंसी-मजाक और उल्लास के इसी माहौल के बीच अचानक खबर मिली कि होने वाली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई है। इस खबर ने समारोह में मौजूद हर व्यक्ति को स्तब्ध कर दिया और खुशियों भरा घर पल भर में अफरा.तफरी के केंद्र में तब्दील हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार को रोता छोड़ गया जवान बेटा, समारोह से लौट रहा था घर; डैम में मिली देह
बताया जा रहा है कि युवती का पहले से ही किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी तय होने और रस्में शुरू होने के बावजूद दोनों गुप्त रूप से एक.दूसरे के संपर्क में थे। जैसे ही मौका मिला युवती ने सामाजिक लोक.लाज की परवाह किए बिना अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना से दूल्हा पक्ष को न केवल मानसिक आघात पहुंचा है, बल्कि उन्हें भारी सामाजिक शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दुल्हन के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने पहले से किसी भी जानकारी होने से इनकार किया है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि सभी संबंधित थानों को अलर्ट किया गया है और युवती व उसके प्रेमी की तलाश जारी है।
ऊना का यह मामला एक बार फिर यह दिखाता है कि सामाजिक परंपराओं और व्यक्तिगत संबंधों के टकराव से कैसे अचानक हालात बदल सकते हैं। खुशियों से भरा एक समारोह पलों में सन्नाटे में बदल गया, जिसकी चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।