#अपराध

December 18, 2025

हिमाचल: उम्र 19 साल... पंचकूला से लाया चिट्टा, मेडिकल कॉलेज छात्रों को करना था सप्लाई

19 साल का युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

शेयर करें:

mandi chitta News

सोलन। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य की नींव रखते हैं, उसी उम्र में कुछ हाथ अब दूसरों के भविष्य को ज़हर से तबाह करने में जुट गए हैं। महज 19 साल का एक युवक पंजाब से चिट्टा लाकर मेडिकल छात्रों को सप्लाई करने की साजिश रच रहा था, लेकिन वक्त रहते पुलिस की मुस्तैदी ने इस खतरनाक खेल पर ब्रेक लगा दिया। यह मामला न सिर्फ नशे के बढ़ते जाल को उजागर करता है, बल्कि यह भी बताता है कि कैसे छोटी उम्र के युवा अब दूसरे युवाओं को बर्बादी की राह पर धकेल रहे हैं।

19 की उम्र में चला रहा था नशे का नेटवर्क

सोलन जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डग्शाई पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गश्त और अपराध रोकथाम के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक पंचकुला से चिट्टा (हेरोइन)की खेप लेकर इलाके में पहुंचा है और उसका मकसद मेडिकल कॉलेज के छात्रों को नशा सप्लाई करना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात तक घर नहीं पहुंचा शख्स, परिवार को अगली सुबह खाई में मिली देह- गांव में शोक

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.44 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान 19 वर्षीय केतन राव पुत्र प्रकाश चंद निवासी सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है।

मेडिकल छात्रों को बना रहा था आसान शिकार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंचकुला से नशीला पदार्थ लाकर एमएमएम एंड सीएच मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार आरोपी कम उम्र का होने के बावजूद नशे के कारोबार में सक्रिय था और पढ़ाई कर रहे युवाओं को अपना ग्राहक बनाने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। अभियोग पुलिस थाना धर्मपुर में पंजीकृत किया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिसवाले का बेटा बना सेना में लेफ्टिनेंट, दादा-नाना भी कर चुके हैं देश सेवा

नेटवर्क की तलाश में पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके पीछे कोई बड़ा नशा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह इससे पहले किन.किन युवाओं या छात्रों को नशे की सप्लाई कर चुका है।

समाज के लिए चेतावनी

यह मामला एक गंभीर चेतावनी है कि नशे का जाल अब केवल सीमित नहीं रहा, बल्कि कम उम्र के युवा खुद इस धंधे में उतरकर अपने ही हमउम्र साथियों को बर्बादी की ओर धकेल रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख