#अपराध

June 21, 2026

हिमाचल: स्कूल बंक कर खड्ड में नहाने गया 16 साल का लड़का डूबा, बुझ गया घर का चिराग

आज खड्ड में मिली अरमान की देह, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

शेयर करें:

bilaspur crime News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां परिवार के 16 वर्षीय बेटे की खड्ड में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटे को परिजनों ने सुबह पढ़ाई के लिए स्कूल भेजा था, उसी के निधन की खबर शाम तक पूरे परिवार की जिंदगी में मातम बनकर छा गई। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्कूल जाने के लिए निकला था छात्र

मृतक की पहचान घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले जबल्याणा गांव निवासी 16 वर्षीय अरमान सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह अरमान रोजाना की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। परिजनों को विश्वास था कि उनका बेटा विद्यालय में पढ़ाई कर रहा होगा, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह स्कूल जाने की बजाय खड्ड की ओर चला गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शख्स को कानून से आंख मिचौली पड़ी महंगी, अब संपत्ति कुर्क कर दिया जाएगा पत्नी का हक

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अरमान सकरोहा क्षेत्र में बहने वाली मणि खड्ड में नहाने पहुंच गया। इसी दौरान वह खड्ड के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। जब अरमान देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया। इसी दौरान पता चला कि वह मणि खड्ड में नहाने गया था। यह सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

रातभर चलता रहा तलाश अभियान

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने देर रात तक खड्ड के विभिन्न हिस्सों में छात्र की तलाश कीए लेकिन अंधेरा और पानी का बहाव अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद आज रविवार सुबह एक बार फिर खोज अभियान शुरू किया गया।

 

यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह के विभाग की नई पहल: वैज्ञानिक पद्धति से तैयार की 4 सड़कें; खर्च आधा- मजबूती ज्यादा

सुबह मिला शव, मच गया कोहराम

कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से रविवार सुबह अरमान का शव खड्ड से बरामद किया गया। जैसे ही बेटे का शव मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची] घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में भी शोक का माहौल छा गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में छात्र की मौत खड्ड में डूबने के कारण होना सामने आया है। मामले की जांच जारी है।

 

यह भी पढें : हिमाचल बिजली बोर्ड महिलाओं को देगा 12300 रुपए प्रतिमाह कमाने का मौका; जल्द करें आवेदन

एक पल की लापरवाही ने छीन ली जिंदगी

यह हादसा एक बार फिर सावधानी बरतने की जरूरत की ओर इशारा करता है। जिस परिवार ने अपने बेटे को सुबह पढ़ाई के लिए घर से विदा किया था, उसी परिवार को कुछ घंटों बाद उसकी मौत की खबर सुननी पड़ी। अरमान की असमय मौत ने न केवल उसके परिवार को गहरा जख्म दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी शोक में डुबो दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख