#अपराध

July 9, 2025

हिमाचल: 72 साल का बुजुर्ग नशे की बड़ी खेप के साथ धरा, HRTC बस में निकला था सप्लाई करने

पोते पोतियों को खिलाने की उम्र में बुजुर्ग कर रहा था नशा तस्करी

शेयर करें:

Kullu Charas News

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के शांत और सुंदर कुल्लू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 72 वर्षीय बुजुर्ग मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। यह मामला कुल्लू जिला के आनी क्षेत्र के अंतर्गत लुहरी पुलिस चौकी के तहत सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों और प्रशासन को हैरान कर दिया है।

नाकाबंदी के दौरान हुआ खुलासा

लुहरी पुलिस चौकी की टीम ने नियमित गश्त के दौरान छांऊटी के समीप बैहना मोड़ पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को रूटीन जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान पुलिस की नजर बस में बैठे एक बुजुर्ग व्यक्ति पर पड़ी़ जो संदिग्ध व्यवहार कर रहा था। उसकी घबराहट और असहजता ने पुलिस को शक की ओर प्रेरित किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ा पंजाबी, जेब में चिट्टे का पैकेट लिए घूम रहा था मनाली

तलाशी में मिला नशे का जखीरा

पुलिस ने जब उस बुजुर्ग की तलाशी ली़ तो उसके बैग से 904 ग्राम चरस बरामद हुई। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरस को कब्जे में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए बुजुर्ग की पहचान मोती राम पुत्र स्वर्गीय बली राम गांव दुवेड़ ;जडारद्ध डाकखाना खुन्न तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

कब से कर रहा था नशा तस्करी

 72 वर्ष की उम्र में इस प्रकार के आपराधिक कृत्य में संलिप्तता ने सभी को हैरत में डाल दिया है। पुलिस के अनुसार यह जांच का विषय है कि आरोपी नशे के इस धंधे में कब से सक्रिय था और इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाकर कहां पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज़ एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है। अब आगे की जांच आनी पुलिस थाना की टीम कर रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को घर पर बात करते-करते बंद हो गया फोन, अगली सुबह बाढ़ में बहे बच्चे, बीवी और माता-पिता

पुलिस की सतर्कता से नशे की एक बड़ी खेप पकड़ी गई

लुहरी पुलिस चौकी की तत्परता और सतर्कता से नशे की एक बड़ी खेप बाज़ार में फैलने से पहले ही जब्त कर ली गई। यह मामला एक बार फिर इस बात को रेखांकित करता है कि नशे का जाल अब उम्र और वर्ग की सीमाओं को लांघ चुका है।

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का ऐलान: आपदा पीड़ितों को घर बनाने को देंगे 7 लाख, गाय खरीदने को 50 हजार

पुलिस ने की जनता से अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले़ तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समाज को इस अभिशाप से बचाया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख