#अपराध
October 10, 2025
हिमाचल : करवाचौथ वाले दिन घर से उठी विवाहिता की अर्थी, चार साल पहले ही हुई थी शादी
पूरे इलाके के लोगों में गहरा सदमा और सवालों की लहर
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश कई लोग आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहे हैं। मृतकों में हर वर्ग के लोग शामिल हैं। यह बेहद चिंता का विषय है कि पिछले कुछ समय से युवा और शादीशुदा महिलाओं के आत्महत्या करने के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं।
इसी कड़ी में अब ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है- यहां नगरोटा बगवां थाना के अंतर्गत एक 26 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। महिला की मौत जहरीले पदार्थ का सेवन करने के कारण हुई है।
करवाचौथ से ठीक एक दिन पहले सामने आए इस मामले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जब बाकी महिलाएं अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की तैयारी में जुटी हुई थीं। उस समय एक 26 वर्षीय विवाहित महिला ने जहर निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना क्षेत्र में गहरे सदमे और सवालों की लहर छोड़ गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल देर रात महिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया। जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी, तो परिजनों ने उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की साजिश या दबाव की बात सामने नहीं आई है। महिला की शादी को मात्र चार वर्ष हुए थे। परिजनों ने अपने बयान में कहा कि वह कुछ समय से बीमार चल रही थी और इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
यह घटना करवाचौथ जैसे पारंपरिक पर्व पर हुई- जब हर घर में पति-पत्नी के रिश्ते की मजबूती के लिए व्रत रखा जाता है। लेकिन नगरोटा बगवां की इस महिला के घर में चांद के दीदार की जगह चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
आज करवाचौथ वाले दिन महिला की अर्थी घर से उठी तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसी बताते हैं कि महिला शांत स्वभाव की थी और अक्सर अपने परिवार की सेहत को लेकर चिंतित रहती थी। उसके असमय चले जाने से गांव में करवाचौथ की रौनक एक पल में बुझ गई।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में किसी बाहरी दबाव के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक महिला पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। फिलहाल, मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की मानसिक या भावनात्मक परेशानी होने पर चुप न रहें, परिवार या पुलिस से तुरंत संपर्क करें।