#अपराध
May 20, 2025
हिमाचल में 14 साल का लड़का चिट्टे की खेप संग धरा, कैटामाइन नशे के साथ दो इजराइली गिरफ्तार
कुल्लू पुलिस ने हिरासत में लिए तीनों आरोपी
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बढ़ता नशे का प्रचलन चिंता का विषय बनता जा रहा है। इससे भी बड़ी चिंता की बात यह है कि इसमें अब महिला युवतियों के साथ साथ छोटी उम्र के लड़के लड़कियां भी उतर आए हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है। यहां पुलिस ने मात्र 14 साल के लड़के से चिट्टे की बड़ी खेप बरामद की है। हालांकि यह लड़का पड़ोसी राज्य पंजाब का रहने वाला है। लेकिन इतनी छोटी उम्र में चिट्टे की इतनी बड़ी खेप के साथ पकड़े लड़के को देख कर हर कोई चिंतिंत है।
दरअसल कुल्लू जिला की पुलिस थाना मनाली की टीम ने प्रीणी में एक 14 साल के किशोर को 24.700 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपी लड़का पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है। पुलिस ने लड़के के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इतनी छोटी उम्र में यह लड़का इस धंधे में कैसे आया। क्या इसे जबरदस्ती इस धंधे में धकेला गया है, या फिर इसके पीछे कोई और कारण है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर पर इंताजर कर रहे थे परिजन, इकलौते बेटे ने तड़प-तड़प कर त्यागे प्राण
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में लड़के से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जब पुलिस ग्रीन टैक्स बैरियर पर थी, तो वहां मौजूद इस लड़के की हरकतों पर पुलिस को कुछ शक हुआ। जब तलाशी ली गई तो उसके पास चिट्टे की खेप बरामद हुई। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू डॉ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरा मामला मणिकर्ण पुलिस थाना से सामने आया है। यहां पुलिस ने पुलगा में दो इजराइली नागरिकों को 22ण्8 ग्राम कैटामाइन नशे के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पुलगा में एक रेस्तरां में दबिश दी थी। रेस्तरां के कोने में दो इजराइली नागरिक बैठे मिले, जिनकी हरकतों पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से खतरनाक नशा कैटामाइन बरामद हुआ।
पुलिस को एक विदेशी नागरिक के पास से 12.84 ग्राम और दूसरे के कब्जे से 9.96 ग्राम नशा मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान हविव गिल और कपाह लिरन निवासी इजराइल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों विदेशी नागारिकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ही इतना खतरनाक नशा कहां से लेकर आए थे। एएसपी संजीव चौहान ने कहा कि इनकी गिरफ्तारी की सूचना इसराईली दूतावास को भी दे दी गई है। आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 22 के तहत मामला दर्ज हुआ है।